नई दिल्लीःप्रधानमंत्री नरेंद्र्र मोदी अगले महीने राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की आसन्न अमरीका यात्रा द्विपक्षीय सामरिक संबंधों के बढ़ते महत्व और दोनों पक्षों के एक खुले एवं स्वतंत्र हिन्द प्रशांत के विचारों को रेखांकित करती है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए 22 जून को राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा।
बयान में कहा गया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे, जिसमें 22 जून 2023 को राजकीय भोज का कार्यक्रम शामिल है। उनकी यह यात्रा अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर हो रही है।’ इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के समग्र और अग्रसर वैश्विक सामरिक गठजोड़ को और प्रगाढ़ बनाने का बहुमूल्य अवसर प्रदान करेगी।
विदेश मंत्रालय ने हालांकि प्रधानमंत्री की यात्रा की अवधि का ब्योरा नहीं दिया। यात्रा की तैयारियों से जुड़े जानकार अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की अमरीका यात्रा के कार्यक्रम पर अभी काम किया जा रहा है और संभावना है कि उनकी यात्रा 21 जून से शुरू हो सकती है और चार दिनों की अवधि की हो सकती है। जो बाइडन के राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली अमरीका यात्रा होगी।