गुवाहाटी : कहते हैं कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। सच्ची लगन व कड़ी मेहनत से इंसान अपनी मंजिल को पा सकता है। इस कथन को सच साबित कर दिखाई है गुवाहाटी स्थित स्कूल संस्कृृति द गुरुकुल की तीन छात्राओं ने, जिसनेे काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) की 12वीं कक्षा की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर टॉप की है। उल्लेखनीय है कि उपरोक्त उल्लेखित परीक्षा का परिणाम आज रविवार तो घोषित किया गया, जिसमें रिया अग्रवाल ने 99.75 प्रतिशत अंक के साथ देश की आईएससी परीक्षा में टॉपर रहीं।
साथ ही इसी विद्यालय की याषिका केडिया 99.50 प्रतिशत अंक प्राप्त देशभर में दूसरे स्थान पर रहीं और निष्का बाहेती 99.25 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान हासिल करने में सक्षम रहीं। संस्कृृति गुरुकुल की इस छात्रा रिया अग्रवाल ने अपनी सफलता की खुशी पूर्वांचल प्रहरी के साथ साझा करते हुए कहा कि वे परीक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार अध्ययन करती थीं ताकि परीक्षा के दौरान उस पर अधिक परेशानी नहीं हो। कारोबारी पिता समीर अग्रवाल व मां मनीषा अग्रवाल की सुपुत्री रिया ने कहा कि वे प्रत्येक दिन तीन से चार घंटे एकाग्रता के साथ पढ़ती थी। गणित में उन्होंने ट्यूशन ली और अन्य विषयों को खुद तैयारी की।
वे इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि माता-पिता ने उनके लिए हमेशा वह सब कुछ व्यवस्था की जो उन्हें जरूरत थी तो दूसरी ओर शिक्षकों के मार्गदर्शन में इस परीक्षा की तैयारी की और परिणाम आज पूरे देश के सामने है। अपने भावी अध्ययन के बारे में रिया ने बताया कि वे आगे की पढ़ाई लंदन से अर्थशास्त्र विषय के साथ आगे बढऩा चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने पहले ही आवेदन किया है और उनके आवेदन को एक शिक्षण संस्थान की ओर से स्वीकार भी कर लिया गया है। वे जल्द लंदन जाकर वहां दाखिला लेंगी। रिया अन्य छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि अध्ययन हमेश जारी रखनी चाहिए, जब परीक्षा हो तब अधिक पढ़ाई और बाद में कम ऐसा नहीं करना चाहिए। छात्रों को लगातार एकाग्रता के साथ अपने अध्ययन को जारी रखना चाहिए, क्योंकि यही सफलता की कुंजी है।