बेंगलुरू/नई दिल्लीः कर्नाटक के मुख्यमंत्री का ऐलान कल किया जाएगा। बुधवार को बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे विधायक दल के नेता का ऐलान करेंगे। मंगलवार शाम सीएम पद के दोनों दावेदार डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके घर जाकर मिले। दोनों नेता 50-50 फॉमूले से सहमत नहीं हैं। दोनों नेताओं से मुलाकात के बारे में अब खड़गे सोनिया गांधी को रिपोर्ट देंगे। राहुल-सोनिया से बात करने के बाद खड़गे कल बेंगलुरु जाएंगे। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धारमैया का नाम लगभग तय हो गया है। डीके शिवकुमार को लोकसभा चुनाव तक इंतजार करने को कहा है। तब तक उन्हें डिप्टी सीएम बनाया जाएगा या प्रदेश अध्यक्ष के साथ दो महत्वपूर्ण मंत्रालय दिए जाएंगे। इस बीच राहुल गांधी दोपहर 12.30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने उनके आवास पर पहुंचे।
मंगलबार सुबह पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक भी कांग्रेस अध्यक्ष से मिले। खड़गे ने सोमवार को भी पार्टी के तीनों पर्यवेक्षकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा की थी। पर्यवेक्षकों ने नवनिर्वाचित विधायकों की राय के आधार पर उन्हें अपनी रिपोर्ट भी सौंपी थी। वहीं खड़गे ने कर्नाटक में पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के लिए मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। खड़गे के आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला शामिल हुए। इसके बाद शाम के समय खड़गे ने पहले डीके शिवकुमार और सिद्धरमैया से अलग-अलग मुलाकात की। पहले शिवकुमार खड़गे के आवास पर पहुंचे और वहां करीब आधे घंटे तक रहे। उनके जाने के बाद सिद्धरमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की। सिद्धरमैया एक घंटे से अधिक समय तक खड़गे के आवास पर रहे। इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से बात नहीं की।
इस मुलाकात से पहले शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मेरा मंदिर है, कांग्रेस पार्टी हमारी सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने से जुड़ी एक खबर को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके लिए मां की तरह है और इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता। कुरुबा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सिद्धरमैया और वोक्कालिगा समुदाय से आने वाले शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री का फैसला अगले एक-दो दिन में हो जाएगा। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पार्टी के तीनों पर्यवेक्षकों के साथ सोमवार को गहन मंत्रणा की थी, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका था।