गुवाहाटी : शराब पीने के आदी पुलिसकर्मियों के बाद अब अनफिट पुलिसकर्मी असम पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस ने अपने सभी कर्मियों का फिटनेस सर्वे कराने का फैसला लिया है। इसके तहत बीएमआई चेक किया जाएगा और जिन लोगों का वजन अधिक होगा उन्हें वीआरएस दे दिया जाएगा। मंगलवार को डीजीपी जीपी सिंह ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीएम हिमंत विश्वशर्मा के आदेश पर यह फैसला लिया गया है। सीएम हिमंत के पास गृह मंत्रालय भी है, जिसके तहत पुलिस फोर्स आती है। डीजीपी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों की फिटनेस का ब्योरा लिया जाएगा। असम पुलिस मोटे पुलिसकर्मियों का ऑफिशियल रिकॉर्ड रखेगी। इसके लिए उनका बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) लिया जाएगा। यह कदम पुलिसकर्मियों को डेडवुड से छुटकारा दिलाने के लिए उठाया जा रहा है। असम पुलिस में लगभग 70 हजार फोर्स है। अनफिट कर्मियों को 3 महीने का अल्टीमेटम दिया गया है।
साथ ही कहा गया है कि 3 महीने में फिट हो जाएं या फिर रिटायर हो जाएं। इन लोगों में पुलिसकर्मियों के अलावा आईपीएस और असम पुलिस सर्विस के अधिकारी भा शामिल होंगे। डीजीपी ने कहा कि हम तीन महीने का वक्त देते हैं और 15 अगस्त तक सभी लोगों को फिट होना है। इसके बाद 15 दिनों के अंदर बॉडी मास इंडेक्स इंडेक्स (बीएमआई) होगा। इस सर्वे में जिन लोगों का वजन बढ़ा हुआ पाया जाएगा, उनके लिए मुश्किल होगी। डीजीपी ने कहा कि जिन लोगों का बॉडी मास इंडेक्स 30 प्लस होगा, उन्हें वजन घटाने के लिए नवंबर तक यानी तीन महीने का और वक्त मिलेगा। इसके बाद भी यदि ये लोग वजन कम नहीं कर पाएंगे तो फिर उन्हें नौकरी से ही हटाया जा सकता है। हालांकि उन लोगों को इस कार्रवाई से राहत दी जाएगी, जो थायराइड जैसी समस्या से पीड़ित होंगे। डीजीपी ने कहा कि वह पहले ऐसे पुलिस अफसर होंगे,जो अपना बीएमआई कराएंगे। जीपी सिंह 16 अगस्त को (बीएमआई) लेने वाले पहले व्यक्ति होंगे। उसके बाद अन्य लोगों का फिटनेस टेस्ट किया जाएगा। डीजीपी असम ने पिछले हफ्ते कहा था कि उन्होंने 680 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की एक लिस्ट बनाई है, जो शराब पीने के आदी हैं या मोटे हैं।
इनमें से जो ड्यूटी करने के काबिल नहीं पाए जाएंगे, उन्हें ऑब्जर्वेशन के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की पेशकश की जाएगी। बिना फैक्चुअल चेकिंग के किसी पुलिसकर्मी का नाम न जोड़ा जाए, इसके लिए बटालियन और जिला समितियां बनाई गई हैं। इनके हेड डिप्टी कमांडेंट या एडिशनल एसपी-रैंक के अधिकारी होंगे। जिन लोगों के नाम सूची में हैं, लेकिन वीआरएस नहीं लेना चाहते हैं, उन्हें फील्ड ड्यूटी नहीं दी जाएगी। यही नहीं भ्रष्टाचार के मामलों में फंसे लोगों को भी वीआरएस दे दिया जाएगा।क्या होता है बॉडी मास इंडेक्स : बीएमआई यानी बॉडी मास इंडेक्स, ये बताता है कि आपके शरीर का वजन आपकी हाइट यानी लंबाई के अनुसार ठीक है या नहीं। एक तरह से इसे आपके शरीर की लंबाई और वजन का अनुपात कहा जा सकता है। एक सामान्य शरीर की बीएमआई 22.1 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।