तिनसुकिया : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने आज बुधवार सुबह 9 बजे तिनसुकिया जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनका गाजे- बाजे के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री शर्मा ने नारियल फोड़कर और रिबन काटकर भाजपा जिला कार्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन का उद्घाटन किया। भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करते हुए उन्होंने पूरे कार्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में भाग लिया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कार्यालय भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही समस्या को हल करने के साथ-साथ संगठनात्मक आधार को मजबूत करने में बहुत महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यालय के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता, केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, राज्य सरकार के श्रम एवं चाय जनजाति कल्याण मंत्री संजय किसान, तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ जिले के अभिभावक मंत्री रंजीत दास और कई मंत्री, विधायक और नगर पालिका के अध्यक्ष पवित्र गोगोई सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। इस अवसर पर अपने भाषण में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कार्यालयों को भारतीय जनता पार्टी के लिए मंदिर बताया। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी का उत्तर पूर्व कार्यालय और असम प्रदेश कार्यालय पहले ही बन चुका है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ दिनों पहले अपनी असम और अरुणाचल प्रदेश की यात्रा के दौरान डिब्रूगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय भवन के निर्माण की आधारशिला रखी। इस भवन का निर्माण जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम राज्य भारतीय जनता पार्टी के आठ जिला समिति कार्यालय भवन वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। इस साल के अंत तक सभी जिलों में कार्यालय भवनों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालयों के निर्माण की प्रक्रिया के दूसरे चरण में इस साल दिसंबर तक राज्य के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में एक मंडल कार्यालय का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य की पहली ऐसी पार्टी है जिसने अंचल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक अपनी जमीन पर अपना कार्यालय बनाया है। उन्होंने कहा कि एक कार्यालय यह दर्शाता है कि पार्टी का काम केवल कार्यालय में ही होता है, किसी व्यक्ति के घर में नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह कार्यालय इस बात का प्रतीक है कि पार्टी किसी एक या किसी परिवार की नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की संपत्ति है।