जोरहाट : माजुली जिले के बरगुड़ी चाराली में आज शुक्रवार दोपहर घटी एक सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार माजुली के अतिरिक्त जिला उपायुक्त के वाहन ने जिले के बरगुड़ी चाराली में दो स्कूली छात्र क्रमश: अरूपज्योति बनिया और मलय नाथ को रौंद डाला। घटना में अरूपज्योति की जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं मलय घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे चिकित्सा के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिले के रूपज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ रहे दोनों छात्रों में अरूपज्योति सातवीं व मलय कक्षा दसवीं का छात्र बताया जा रहा है।

घटना के बाद अंचल के लोगों में काफी रोष देखा गया। गुस्साई भीड़ ने जिला प्रशासन के वाहन चालक तथा दो सुरक्षाकर्मियों को बंदी बना लिया।  लोगों का कहना था कि जिला उपायुक्त के काफिले में शामिल उक्त वाहन काफी तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा था, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ और एक मासूम छात्र को अपनी जान गवांनी पड़ी। इस दौरान इन दोनों छात्रों की हालत देखकर स्थानीय लोग आग बबूला हो गए। इधर घटना को अंजाम देने के बाद जब लोग-बाग उक्त गाड़ी के पास पहुंचे तो उसमें शराब की बोतलें प्रत्यक्ष की, जिसके बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों का कहना था कि सत्रनगरी के रूप में प्रसिद्ध माजुली में शराब की ब्रिकी व सेवन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद जिला प्रशासन के वाहन में आखिरकार शराब कैसे पहुंची। इस मामले को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं बिगड़ती परिस्थिति पर काबू पाने के लिए जिला पुलिस के आला अधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों को मौके पर तैनात किया गया। साथ ही काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। वहीं दूसरी ओर यह आरोप भी सामने आ रहा है कि दुर्घटना में जुड़े वाहन का अनुज्ञापत्र तो है। मगर सारे के सारे अनुज्ञापत्र की मियाद पूरी हो चुकी है। लोगों का कहना है कि आम जनता को परिवहन कानून की सीख देने वाले जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा इस तरह के वाहन को कैसे चलाए जा रहा है। इस घटना में पूरे माजुली जिले में सनसनी फैला रखी है।