गुवाहाटी : ढेकियाजुली स्थित शंकरदेव शिशु निकेतन के छात्र हृदम ठाकुरिया ने मैट्रिक परीक्षा में राज्यभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर शहीदों की नगरी ढेकियाजुली का नाम रोशन किया। हृदम ठाकुरिया की इस उपलब्धि पर निकेतन के छात्र और शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त किए। परीक्षा परिणामों के अनुसार हृदम ने कुल 600 अंकों में से 596 अंक प्राप्त किए। प्रतिभाशाली छात्र ने असमिया में 98 अंक, अंग्रेजी में 100 अंक, सामान्य गणित में 100 अंक, उच्च गणित में 100 अंक, सामाजिक विज्ञान में 100 अंक और विज्ञान में 98 अंक प्राप्त किए। हृदम ने अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि उसे भौतिक विज्ञान में रूचि है और आगे वह इसी विषय पर अध्ययन करने की कोशिश करेगा।

हृदम की इस उपलब्धि के बाद ढेकियाजुली शंकरदेव शिशु निकेतन के प्राचार्य गिरिंद्र चंद्र शर्मा व उप प्राचार्य राजीव दास ने पत्रकारों से कहा कि शिक्षा व्यवस्था अच्छी होगी तो परिणाम भी अच्छे आएंगे। हृदम के परीक्षा परिणामों ने निकेतन की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हृदम ने अंकुर कक्षा से निकेतन में पढ़ाई की। अंकुर की क्लास पढ़ाने वाली क्लास टीचर बबीता सैकिया ने कहा कि हृदम हमेशा निकेतन आते थे, वह कभी भी कक्षा से अनुपस्थित नहीं रहता था। वह आत्मविश्वासी है और उसे संगीत के साथ-साथ प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, आशु भाषण, कविता पाठ आदि में बहुत रुचि थी। निकेतन में आयोजित वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, आशु भाषण आदि प्रतियोगिताओं में हृदम हमेशा प्रथम स्थान प्राप्त करता था।

आचार्या ने यह भी कहा कि ढेकियाजुली इलाके के विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर भी हृदम अच्छा स्थान प्राप्त करता था। वहीं दूसरी ओर विभिन्न दलों, संगठनों, संस्थानों ने मैट्रिक परीक्षा में हृदम की उपलब्धि पर उसे, उनके माता-पिता और निकेतन के शिक्षकों को बधाई दी है। ढेकियाजुली निर्वाचन क्षेत्र के विधायक और राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने मेधावी छात्र हृदम ठाकुरिया को उसकी सफलता पर बधाई दी। शंकरदेव शिशु निकेतन के प्राचार्य गिरिंद्र शर्मा ने कहा कि मंत्री अशोक सिंघल विधायक क्षेत्र विकास कोष से शंकरदेव शिशु निकेतन के अधोसंरचना विकास के लिए 20 लाख रुपए प्रदान करेंगे और हृदम की आगे की पढ़ाई का खर्च वहन करेंगे।