गुवाहाटी/नगांव/डिब्रूगढ़/लखीमपुर : होनहार बिरवान के होत चिकने पात। होनहार के लक्षण पहले से ही दिखाई पड़ने लगते हैं। 10वीं की परीक्षा में हिंदीभाषी समुदाय के कुछ बच्चों ने मुहावरे की उपरोक्त पंक्ति को चरितार्थ कर दिखाया है। नगांव के प्राईवेट शिक्षण संस्थान क्राइस्ट ज्योति हाईस्कूल की छात्रा सुष्मिता पोद्दार ने 98 प्रतिशत के साथ कुल 590 अंक प्राप्त कर टॉप टेन के पांचवें स्थान हासिल करने में सक्षम रही। सुष्मित की इस सफलता ने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है। सुष्मिता व्यवसायी राजीव व लीला पोद्दार की सुपुत्री हैं। अपने सपने को पूर्वांचल प्रहरी के साथ साझा करते हुए कहा कि वह आगे चलकर आईएस बनना चाहती है। सुष्मिता इस परीक्षा की तैयारी के लिए रोज आठ से नौ घंटे तक पढ़ती थी। पढ़ाई के अलावा गाना सुनना व पेंटिंग करने की शौक रखती है। इसके अलावा अच्छी किताबों का अध्यन करना भी सुष्मिता की दिनचर्या में शामिल था। वहीं दूसरी ओर गुवाहाटी हैप्पी चाइल्ड स्कूल के छात्र अनंत जैन (रारा) ने मैट्रिक परीक्षा में 590 अंक प्राप्त कर राज्य भर में पांचवा स्थान प्राप्त कर अपने परिवार, समाज व विद्यालय का नाम रोशन किया है।
अनंत को 6 लेटर मार्क्स के अलावा एडवांस मैथ, साइंस और जनरल साइंस में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त हुआ है। अनंत भविष्य में कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहता है। वे अपने कनिष्ठ छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई में अगर अव्वल आना है तो मोबाइल का कम से कम प्रयोग करें एवं पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन में भी अपना ध्यान बनाए रखें ताकि मस्तिष्क को भी आराम मिल सके। अनंत गुवाहाटी के आर्य नगर निवासी मनीष व मेघा जैन (रारा) के सुपुत्र हैं। गुवाहाटी के सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा संजना कौर ने 10वीं की परीक्षा में 589 अंक हासिल कर छठा स्थान हासिल किया। संजना आगे चलकर अच्छी चिकित्सक बनना चाहती है। इसके लिए वह नीट परीक्षा की तैयारी शुरू करेगी। संजना का कहना है कि वे इस परीक्षा के लिए प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई की। उसने कहा कि मैंने ट्यूशन का भी सहारा लिया। मैंने हर मौजूदा मुद्दे के बारे में जानने के लिए नियमित रूप से अंग्रेजी अखबारों का भी अध्ययन किया। उसका कहना है कि परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लीक होने से वे परेशान थी। ये घटनाएं हमें तनाव देने वाली थी। गुवाहाटी के कालापहाड़ एक कंपनी में काम करने वाले जशपाल सिंह और सुनीता शर्मा की बेटी संजना कौर अपनी इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं और इस सफलता के श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देती है। डिब्रूगढ़ शहर के डॉन बॉस्को हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र अक्षय क्याल ने दसवीं की परीक्षा में छठा स्थान हासिल किया।
अक्षय डिब्रूगढ़ के मारवाड़ीपट्टी पूजा घाट अंचल निवासी कैलाश क्याल और प्रीति क्याल का सुपुत्र है। कैलाश क्याल एलआईसी एजेंट के तौर पर काम करते हैं। अक्षय ने बताया कि वह अपने रिजल्ट से बहुत खुश है। उसके माता-पिता ने उसकी पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मुहैया कराया। साथ ही मेरे दोस्तों का भी काफी सहयोग मिला। इस परीक्षा की तैयारी के बारे में अक्षय ने बताया कि वह प्रतिदिन चार से पांच घंटे पढ़ाई करता था। वह आगे चलकर वाणिज्य संकाय से पढ़ाई करते हुए सीए व मैनेजमेंट में अपना भाग्य आजमाना चाहता है। लखीमपुर की छात्रा पलक जाजू ने कुल 97.67 फीसदी अंक के साथ राज्यभर में नौवां स्थान हासिल किया। लखीमपुर के ब्रूकफिल्ड स्कूल की छात्रा पलक ने 586 अंक हासिल की। पलक को अंग्रेजी में 97, हिंदी में 98, साधारण गणित में 100, विज्ञान में 94, सामाजिक विज्ञान में 97 तथा कंप्यूटर में 100 अंक मिले हैं। लखीमपुर के व्यवसायी प्रदीप जाजू व रजनी जाजू की पुत्री पलक आगे की पढाई लखीमपुर से ही कॉमर्स संकाय में पढना चाहती है। उसका सपना सीए बनना है। पलक ने बताया कि वे परीक्षा से पहले सात से आठ घंटे तथा परीक्षा शुरू होने के दौरान 15-16 घंटे पढ़ाई करती थी। नृत्य व लेखनी का शौक रखने वाली पलक का कहना है कि कोई भी विद्यार्थी चाहे जितना समय भी पढ़े, उसका ध्यान उस समय सिर्फ पढ़ाई में ही होना चाहिए। हिंदीभाषी समाज के पांच परीक्षार्थियों ने टेन टॉप में बनाई जगह।