गुवाहाटी : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने एक दिवसीय दौरे पर वृहस्पतिवार को गुवाहाटी पहुंचेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 12 बजे विशेष विमान से गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 3 बजे खानापाड़ा में होने वाले विशाल भर्ती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। समारोह में 44,703 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री का समय प्राप्त करने के लिए तीन बार नियुक्ति समारोह बदलना पड़ा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर गुवाहाटी एक अभेद किला बन गया है। खानापाड़ा के समारोह स्थल पर युद्ध स्तर पर गतिविधि जारी है।

खानापाड़ा में भर्ती समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा और पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों की निगरानी कर रहे हैं। सीएम ने बुधवार दोपहर खानापाड़ा में भर्ती समारोह स्थल का दौरा किया और समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ मंत्री पीयूष हजारिका भी थे। पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने भी बुधवार को खानापाड़ा में भर्ती समारोह स्थल पर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

नियुक्ति समारोह दो घंटे तक चलेगा। भर्ती किए गए उम्मीदवारों को कार्यक्रम स्थल पर 2:30 बजे पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को अपना कोई एक पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। महिला अभ्यर्थी अपने माता-पिता या अभिभावक को साथ ला सकती हैं। केंद्रीय गृह मंत्री उसी दिन श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में कई सरकारी योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह के असम के दौरे के दिन ही गैर-प्रादेशीकृत   शिक्षक मंच ने गुवाहाटी के चचल में विशाल आन्दोलन का कार्यक्रम लिया है। इस तरह के आंदोलन से अमित शाह के कार्यक्रम में कोई व्यवधान पैदा न हो इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विशेष रूप से खानापाड़ा के आसपास अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।