मालीगांव : पूसी सर्किल के रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) शुभमय मित्रा ने 24 मई, 2023 को पाठशाला और नलबाड़ी स्टेशनों के बीच बिछाई गई नई दोहरी लाइन का वैधानिक निरीक्षण किया। बिछाई गई इस नई द्वितीय लाइन का उपयोग अधिकतम गति करीब 90 कि.मी. प्रति घंटा के साथ माल परिवहन और यात्री यातायात के लिए किया जाएगा। न्यू बंगाईगांव -आगियाठुरी वाया रंगिया 142.97 कि.मी. दोहरीकरण परियोजना के एक हिस्से के रूप में पाठशाला-नलबाड़ी सेक्शन का कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना में 75 बड़े पुल, 38 छोटे पुल और 19 नए स्टेशन भवनों का निर्माण शामिल है।

पाठशाला से नलबाड़ी की दूरी 26.91 कि.मी. है। इस सेक्शन में 17 प्रमुख पुलों का निर्माण भी शामिल है। पूसी सर्किल के रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने 122 कि.मी. प्रति घंटे की अधिकतम गति के साथ स्पीड ट्रॉयल किया। इस दोहरी लाइन क्षेत्र के लिए आधुनिक तकनीकों जैसे सभी वाइड बेस प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट (पीएससी) स्लीपर्स और थिक वेब स्विच के साथ मजबूत ट्रैक संरचना का उपयोग किया गया है, जो प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट स्लीपरों पर मजबूत स्विच का नया डिजाइन है और उच्च गति को संभाल सकता है।

यह उल्लेखनीय है कि दोहरी लाइन बिछाए जाने से स्टेशनों पर बिना स्टॉप-ओवर क्रॉसिंग के दोनों दिशाओं में ट्रेनों की आवाजाही हो सकेगी, जिससे ट्रेनों का समय पालन हो सकेगा। रेल लाइनों पर ट्रेनों की कम भीड़भाड़ होने से अधिक ट्रेनों को बढ़ी हुई गति से चलाया जा सकेगा। इससे पहले न्यू बंगाईगांव से बिजनी के बीच 17.53 कि.मी. सेक्शन को 30 अगस्त, 2022 को चालू किया गया था। इस समग्र खंड के पूर्ण होने से पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी को उल्लेखनीय वृद्धि मिलेगी।