गुवाहाटी : असम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) घरों के निर्माण में एक रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मौजूदा सरकार के 25 महीनों में असम में 7,59,163 घरों का निर्माण किया गया है। पंचायत मंत्री रंजीत कुमार दास ने शुक्रवार को पंजाबाड़ी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के बैठक कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में 19 लाख लाभार्थियों को कवर किया गया है इनमें से असम में 18,30,400 घरों को मंजूरी दी गई है। स्वीकृत 18,30,400 आवासों में से 11,63,471 आवासों का निर्माण कार्य 10 मई, 2021 तक पूरा हो चुका है। जब से वर्तमान सरकार के पदभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में 7,59,163 आवास पूरे किए जा चुके हैं जो देश भर में एक रिकॉर्ड है।
भारत सरकार ने हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना की अपनी समीक्षा में असम की सफलता की प्रशंसा की है और मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों को असम से सीख लेने की सलाह दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 6,66,926 अधूरे आवासों का निर्माण इस वर्ष 15 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। असम को वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए कुल 14,540.84 करोड़ रुपए मिले हैं। इसका 13,086.76 करोड़ रुपए केंद्र सरकार का हिस्सा है और 1454.08 करोड़ रुपए राज्य सरकार का हिस्सा है। आवंटित निधि का 12,504.79 करोड़ रुपए असम खर्च कर चुका है। राज्य में 40,096 भूमिहीन लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भूमि उपलब्ध कराई गई है।
चाय बागान क्षेत्रों में 81,638 परिवार भी प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हुए हैं। राज्य सरकार 2.7 लाख पूर्ण घरों के लिए सामूहिक गृहप्रवेश कार्यक्रम की योजना बना रही है जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा भी शामिल होंगे। केंद्रीय पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्रालय 2 और 3 जून को असम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पर एक क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित कर रहा है। इस सम्मेलन में असम और उत्तर पूर्वी राज्यों के साथ-साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल भी भाग लेंगे।