नई दिल्ली : नए संसद भवन के उद्घाटन के मौके पर केंद्र सरकार 75 रुपए का विशेष सिक्का जारी करेगी। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक अधिसूचना जारी कर बताया कि नए संसद भवन के उद्घाटन के उपलक्ष्य में 75 रुपए का विशेष सिक्का जारी किया जाएगा। सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का शेर है, जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा है। सिक्के के बाईं ओर देवनागरी में भारत लिखा है। इस पर रुपए का प्रतीक चिन्ह भी अंकित है।
सिक्के के दूसरी तरफ नए संसद भवन की तस्वीर है। इसके ऊपर देवनागरी में संसद संकुल और नीचे रोमन में पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स लिखा है। नीचे की ओर अंतर्राष्ट्रीय अंकों में 2023 भी लिखा है। इस सिक्के का वजन 35 ग्राम है और यह चार धातुओं से मिलकर बना है। अधिसूचना के मुताबिक गोल आकार के इस सिक्के का ब्यास 44 मिलीमीटर है और इसे चार धातुओं - चांदी, तांबा, निकल और जिंक को मिलाकर बनाया गया है। सिक्के में चांदी की मात्रा 50 प्रतिशत, तांबा 40 प्रतिशत, निकेल पांच प्रतिशत और जस्ता पांच प्रतिशत है।
मंत्रालय के अनुसार, इसे आर्थिक कार्य विभाग (डीईए) जारी करेगा। यह सिक्का यादगार के तौर पर जारी किया जाएगा। इसे करीब 3800 रुपए प्रति सिक्के की दर से बेचा जाएगा। नए संसद भवन का उद्घाटन समारोह रविवार को सुबह हवन और विभिन्न धर्मों की प्रार्थना के साथ शुरू होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा कक्ष में औपचारिक उद्घाटन करेंगे।