गुवाहाटी : देश के अलग हिस्सों में शुरू होने के बाद पूर्वोत्तर राज्य असम को भी सोमवार को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर पूर्वोत्तर की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को गुवाहाटी से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रवाना किया। प्रधानमंत्री ने स्क्रीन पर प्रतीकात्मक रूप से हरी झंडी दिखाकर गुवाहाटी स्टेशन से ट्रेन को रवाना किया जहां रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस पूर्वोत्तर में पर्यटन, शिक्षा, व्यापार एवं रोजगार को बढ़ावा देगी। गुवाहाटी एवं न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) के बीच चलाई गई अद्र्ध उच्च गति की यह ट्रेन असम एवं पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क सेवा को मजबूत करेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ट्रेन असम में कामाख्या मंदिर, काजीरंगा और मानस राष्ट्रीय उद्यान और पोबितोरा के साथ-साथ मेघालय में शिलांग और चेरापूंजी और अरुणाचल प्रदेश में तवांग और पासीघाट के लिए पर्यटन क्षमता को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने इस सप्ताह अपने कार्यकाल के नौ साल पूरे किए हैं और पिछले नौ साल नए विकास की असाधारण यात्रा के रहे हैं। मोदी ने कहा कि देश को रविवार को एक नया और भव्य संसद भवन मिला है जो देश की समृद्ध लोकतांत्रिक विरासत को आधुनिक लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि कई ऐसी उपलब्धियां हैं, जिनकी 2014 से पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने मकान, शौचालय, अस्पताल, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे उपलब्ध कराकर तेजी से विकास की नींव रखी और गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ढांचागत सुविधाएं हैं, जो गरीबों, दलितों और समाज के पिछड़े वर्ग को मजबूत करती हैं। बुनियादी ढांचा बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए है, जो सच्चे सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों के दौरान पूर्वोत्तर में अभूतपूर्व ढांचागत विकास हुआ है। मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों ने पूर्व में हुई लापरवाही की भारी कीमत चुकाई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को रेल, सड़क और हवाई अड्डे की सुविधाओं की कमी के कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार इस बात का उदाहरण है कि लोगों की सेवा करने के इरादे से विकास किए जाने पर अभूतपूर्व विकास कैसे हो सकता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेलवे के विस्तार के लिए बजट आवंटन में चार गुना वृद्धि की गई है और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों की राजधानियों को देश के बाकी हिस्सों से जोडऩे का काम चल रहा है।

मोदी ने इस बात का भी उल्लेख किया कि गुवाहाटी रेलवे स्टेशन देश का पहला ऐसा स्टेशन है, जहां एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति द्वारा प्रबंधित चाय की एक दुकान है। इसे उन्होंने समाज के अब तक उपेक्षित वर्ग को गरिमा और सम्मान देने की दिशा में एक कदम बताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन रेल संपर्क के क्षेत्र में असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर के लिए एक बड़ा दिन है। अत्याधुनिक ट्रेन क्षेत्र के लोगों को इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने के अलावा गति और आराम से यात्रा करने का साधन प्रदान करेगी। गुवाहाटी- न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस सफर को पांच घंटे 30 मिनट में तय करेगी, जबकि इस मार्ग पर वर्तमान सबसे तेज ट्रेन उसी यात्रा को तय करने में छह घंटे 30 मिनट का समय लेती है।

प्रधानमंत्री ने 182 किलोमीटर लंबे मार्ग के नए विद्युतीकृत खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित किया और असम के लामडिंग में नवनिर्मित डेमू/मेमू शेड का भी उद्घाटन किया। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और यह इस क्षेत्र की सबसे तेज ट्रेन होगी और इससे आईटी पेशेवरों, कारोबारियों, छात्रों और पर्यटकों को फायदा होगा। इससे यात्रा में लगने वाले समय को कम करने के साथ प्रदूषण मुक्त परिवहन प्रदान करने में भी मदद मिलेगी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने विश्वास जताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए परिवहन के माध्यम से परिवर्तन के प्रधानमंत्री के लक्ष्य को आकार देने में एक प्रमुख भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने वन्दे भारत के स्वदेशी तकनीक से निर्मित ट्रेन होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सेमी हाई-स्पीड ट्रेन उस आत्मनिर्भरता को दर्शाती है, जिसे देश प्रधानमंत्री की गतिशील नेतृत्व में पिछले 9 वर्षों से प्राप्त कर रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस को अपनी श्रेणी की बेहतरीन ट्रेनों में से एक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अपने यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव और संतुष्टि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर में समग्र वृद्धि और विकास के उद्देश्य से किए गए उनके अथक प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री हर तरफ से प्रशंसा के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि केंद्र में मौजूदा व्यवस्था के तहत, पूर्वोत्तर में रोडवेज, रेलवे और जलमार्ग कनेक्टिविटी ने पहले कभी नहीं देखे गए आधुनिकीकरण को बढ़ावा दिया है।