इंफाल : मणिपुर में उग्रवादी संगठन बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल सेना ने उग्रवादी संगठनों के बीच हुई बातचीत को डिकोड किया है। जिससे सेना को पता चला है कि उग्रवादी संगठन एक बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं और उनकी योजना है कि उस हमले में इंसानों को ढाल की तरह इस्तेमाल किया जाए। सेना भी इसे लेकर चौकन्नी हो गई है। वहीं उग्रवादियों और सुरक्षा बलों के बीच अचानक झड़प तथा गोलीबारी की घटना के एक दिन बाद जातीय संघर्ष से प्रभावित मणिपुर में सोमवार को असहज शांति छाई रही।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न अस्पतालों में इलाज के  दौरान तीन और लोगों के दम तोडऩे के बाद, एक दिन पहले हुई झड़पों में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सोमवार को पांच हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि इंफाल घाटी और आसपास के जिलों में सेना और अर्धसैनिक बल के जवानों का तलाश अभियान जारी है। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि जातीय संघर्ष से प्रभावित मणिपुर में सेना और अद्र्धसैनिक बलों ने कम से कम 25 शरारती तत्वों को पकड़ा है, जिनके पास से हथियार, गोला बारूद और ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। 

सभी 25 बदमाशों को मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया है। रक्षा बलों के एक प्रवक्ता ने बताया कि इंफाल घाटी में और उसके आसपास गोलीबारी और झड़पों की ताजा घटनाओं के बाद कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके पास से हथियार जब्त किए गए हैं। उन्होंने एक बयान में कहा कि इंफाल पूर्व में सन्साबी, ग्वालताबी, शबुनखोल, खुनाओ में अभियान के दौरान सेना ने 25 बदमाशों को पकड़ा और उनके पास से हथियार तथा अन्य सामग्री बरामद की।