गुवाहाटी : गुवाहाटी महानगर के शिलसाको में फिर चलेगा पुलिस प्रशासन का बुलडोजर। गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण ने शहर को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए लंबे समय से शिलसाको में रहने वाले लोगों को बेदखल करने के लिए कदम उठाए हैं। गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण के एक महिला समेत दो इंजीनियर दिसपुर पुलिस के सहयोग से शुक्रवार करीब 11-30 बजे शिलसाको में जीएमडीए परियोजना स्थल के पास जमीन का सर्वेक्षण करने आए और उन्हें स्थानीय लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। जीएमडीए अधिकारियों को 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया और चेतावनी दी कि उन्हें किसी भी परिस्थिति में फिर से बेदखली अभियान चलाने नहीं दिया जाएगा।

स्थानीय निवासियों ने शिलसाको में हर पथ-उपपथ पर बांस की दीवारें लगाकर बेदखली का विरोध किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका और पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जीएमडीए की महिला इंजीनियर ने प्रदर्शनकारियों को अतिक्रमणकारी और पागल करार दिया तो स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। जीएमडीए की महिला इंजीनियर को प्रदर्शनकारियों ने उसके वाहन समेत घेर लिया। उन्होंने महिला इंजीनियर को धमकी दी कि जब तक वे अतिक्रमणकारी शब्द को हटा नहीं लेती और प्रदर्शनकारियों से माफी नहीं मांगती तब तक उन्हें वहां से जाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सड़कों पर विभिन्न सरकार विरोधी नारे भी लगाए। सड़क पर लेट गए प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सड़क से घसीट कर हटाना चाहा लेकिन उनका प्रयास विफल रहा।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में नीना बेगम नाम की एक गर्भवती महिला सहित कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। मामला गर्म हो जाने पर पूर्वी गुवाहाटी जिला डीसीपी सुरजीत सिंह पनेचर और दिसपुर डिवीजनल एसीपी हिमांशु दास मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला इंजीनियर से प्रदर्शनकारियों से से माफी मांगने की अपील की। लेकिन इतने में अज्ञात स्रोत से एक कॉल आया और उसके बाद डीसीपी सुरजीत सिंह पनेचर ने अधिकारी से कहा कि माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है और प्रदर्शनकारियों को सड़क छोड़ने का आदेश दिया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने जबरन सड़क से हटाया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने महिला इंजीनियर को भीड़ से बचाकर बाहर ले गई।

महिला इंजीनियर के जाने के बाद स्थिति काबू में आई। प्रदर्शनकारियों ने बेदखल परिवारों के पुनर्वास, बेदखली पर पूरी तरह रोक लगाने और जीएमडीए के अध्यक्ष नारायण डेका से सीधी मुलाकात की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने लोगों को इस तरह से प्रताड़ित किए जाने पर भविष्य में हिंसक होने की धमकी दी। कृषक मुक्ति संग्राम समिति के महासचिव विद्युत सैकिया, मुख्य आयोजन सचिव आकाश दले, बीर लाचित सेना असम गुवाहाटी मेट्रोपॉलिटन कमेटी के महासचिव विकास बरुवा और गायत्री बारी ने लोगों की ओर से शिलसाको को बेदखल करने के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया।