गुवाहाटीः केंद्र सरकार के अधीन समर्थ-ई-गॉव्ट के तहत असम में राज्य के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए पोर्टल का आज से लांच किया गया है। यह पोर्टल राज्य भर के सभी विश्वविद्यालयों और सरकारी सहायता प्राप्त उच्च शिक्षा संस्थानों में नामांकन के लिए छात्रों की सुविधा के लिए आधिकारिक तौर पर लांच किया गया। एक समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री रनोज पेगु ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा के मद्देनजर प्रवेश के लिए पोर्टल का उपयोग इसी शैक्षणिक वर्ष से उच्च शिक्षा के प्रत्येक संस्थान में छात्रों को नामांकित करने के लिए किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में छात्रों की संख्या हर साल बढ़ रही है। साथ ही एक छात्र द्वारा एक साथ कई महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए योग्यता के आधार पर आवेदन करने के फलस्वरूप अन्य छात्रों को उन संस्थानों में प्रवेश लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है अथवा सीटें छूट जाती हैं। हालांकि इस पोर्टल से अब छात्रों को यह समस्या नहीं आएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि पोर्टल अब उच्च शिक्षा विभाग को उच्च शिक्षा संस्थानों में छात्रों का एक सामान्य डेटाबेस प्रदान करेगा।
इससे भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन और योजना बनाने में मदद मिलेगी। आज रात 10 बजे से छात्रों के लिए पोर्टल लांच किया जाएगा। शिक्षा विभाग के सलाहकार डॉ. ननीगोपाल महंत, उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बीआर श्याम, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।