डिब्रूगढ़: बिपरजॉय तूफान के कारण पूर्वोत्तर के भी मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है। समय से पहले ही ब्रह्मपुत्र नद व उसकी सहायक नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। असम के साथ ही अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही बरसात के कारण ब्रह्मपुत्र नद का जलस्तर उफान पर है। जिस कारण डिब्रूगढ़ शहर के समीप विभिन्न स्थानों पर भू-कटाव हो रहा है। आम जनता आतंकित है।
ब्रह्मपुत्र की उफनती जलधाराओं से हो रहे भू-कटाव को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा नदी किनारे बने झोपडिय़ों को हटाने के साथ ही भू-कटाव रोकथाम का काम किया जा रहा है। भू-कटाव से बचाव के लिए पेड़ों को भी काटा जा रहा हैं। लगातार हो रही बारिश से काम करने में भी दिक्कत आ रही है। मालूम हो कि डिब्रूगढ़ के मालीपट्टी घाट पर आज सुबह से ब्रह्मपुत्र ने भू-कटाव शुरू कर दिया। जिससे आम जनता में हड़कंप मच गया है।
इसके बाद जिला प्रशासन ने जल संसाधन विभाग के कर्मियों के साथ नदी किनारे पहुंचकर भू-कटाव के बचाव में जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रह्मपुत्र की उफनती जलधाराएं शहर के सुरक्षा बांध के समीप विभिन्न जगहों पर भू-कटाव कर रही है। दो दिन पहले गुरुद्वारा के पीछे कोयला घाट में ब्रह्मपुत्र ने भू-कटाव किया था। जिसकी जिला प्रशासन की तरफ से रोकथाम की गई। पर आज पुन: लिटिल पैलेस होटल के पीछे मालीपट्टी घाट में सुबह से भीषण भू-कटाव हो रहा है। एक दो पेड़ भी ब्रह्मपुत्र नद में समाहित हो गए। जिस जगह पर भू-कटाव हो रहा यदि यहां अधिक हुआ तो डिब्रूगढ़ शहर के लिए खतरा उत्पन्न हो जाएगा। गौरतलब है कि बेसमय आई बाढ़ के कारण डिब्रूगढ़ जिले के विभिन्न तटीय इलाकों में भू-कटाव की समस्या उत्पन्न हो रही है।