गुवाहाटी : जोनमोनी राभा की रहस्यमयी मौत के एक महीने बीत जाने के बाद वृहस्पतिवार को सीबीआई की आठ सदस्यीय जांच टीम कलियाबार पहुंची। सीबीआई की डीआईजी लवली कटियार के नेतृत्व में जांच दल वृहस्पतिवार दोपहर गुवाहाटी से जखलाबंधा पहुंचे। डीआईजी लवली कटियार ने मौके पर पहुंचने के बाद कलियाबर के सरुभगिया में दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने जोनमोनी राभा के दुर्घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वाले जखलाबंधा थाने के उप निरीक्षक जकारिया चौधरी के साथ बातचीत की। उन्होंने पुलिस अधिकारी से बातचीत के दौरान थाने से दुर्घटनास्थल की दूरी कितनी है, अस्पताल की दूरी कितनी है, जोनमोनी राभा के शव को किस वाहन से अस्पताल ले जाया गया, हादसा होने के कितने समय बाद मौके पर पुलिस उपस्थित हुई, उस समय वहां कितने लोग मौजूद थे आदि सभी जानकारी प्राप्त कर ली। इसके बाद जांच टीम जखलाबंधा थाने के लिए रवाना हो गई। वहां दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों की गहनता से जांच की गई।
पता चला है कि सीबीआई जोनमोनी राभा के मामले में जखलाबांधा पुलिस द्वारा अपनी तरफ से दर्ज मामला संख्या 84/23 और जोनमोनी की मां द्वारा जखलाबांधा थाने में दायर मामला संख्या 87/2023 दोनों की जांच करेगी। हालांकि असम पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने कहा कि सीबीआई जोनमोनी राभा की मौत के सिलसिले में दर्ज 4 मामलों की जांच करेगी। गौरतलब है कि जोनमोनी की मौत के मामले के संदर्भ में असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने सोमवार को दिल्ली में सीबीआई के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद केंद्र सरकार के कार्मिक प्रशिक्षण विभाग ने बुधवार को औपचारिक रूप से घोषणा की कि सीबीआई जोनमोनी राभा की मौत की जांच करेगी।
निर्देश में यह भी कहा गया है कि सीबीआई जोनमोनी राभा की मौत के सिलसिले में दर्ज 4 मामलों को कवर करेगी। गौरतलब है कि पुलिस उप निरीक्षक जोनमोनी राभा की 15 मई की रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जोनमोनी राभा अपनी एएस-01-ईएन-7273 नंबर के मारुति एस्प्रेसो वाहन से रात में ऊपरी असम की ओर जाते समय विपरीत दिशा से आ रहे यूपी-78-यूटी-4518 नंबर के एक हाई-स्पीड कंटेनर ट्रक के साथ आमने-सामने की टक्कर के परिणामस्वरूप उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस बीच, कलियाबर तथा असम के लोगों ने जोनमोनी राभा की रहस्यमयी मौत की उचित जांच की मांग की और दोषियों को सीबीआई टीम से दंडित करने की मांग की। हालांकि, यह देखना बाकी है कि क्या सीबीआई जांच से जोनमोनी राभा की मौत की असली वजह सामने आएगी?