गुवाहाटी : पिछले एक सप्ताह से हो रही भारी बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों के जल स्तर बढ़ने के कारण लखीमपुर, धेमाजी और डिब्रुगढ़ जिलों में बाढ़ आ चुकी है। पिछले 24 घंटों में 4 अन्य जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बाढ़ के कारण विश्वनाथ, दरंग, तामुलपुर और उदालगुड़ी के गांवों में पानी भर गया है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने 20 जून तक असम में बारिश जारी रहने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पड़ोसी अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी है जिसके कारण रंगानदी और सोवनसिरी बांधों से पानी निकलकर उत्तरी असम के कई गांवों में पानी भर दिया है। वहीं, बढ़ते पानी के कारण कपिली जलविद्युत परियोजना के खंडोंग बांध का स्लुइस गेट खोल दिया गया है, जिससे नगांव जिले के कामपुर में बाढ़ आ गई है। इस बीच, लखीमपुर में शिंगरा नदी के बाढ़ के पानी में बांध टूट जाने पर करीब 20 गांवों में पानी भर गया है।
इधर निपको ने अरुणाचल प्रदेश में 405 मेगावाट की रंगानदी परियोजना से पानी छोड़ा है जिसके कारण निचले इलाके के नदी तट के निवासी भयभीत हो रहे हैं। शुक्रवार सुबह निपको की ओर से रंगानदी परियोजना से पानी छोड़े जाने के संबंध में लखीमपुर जिला प्रशासन को अलर्ट भेजने के बाद अब खलबली मची हुई है। निपको ने शुक्रवार दोपहर से परियोजना के गेट नंबर 1 से पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। इस बीच गेरूकामुख में सोवनसिरी बांध के भूस्खलन के कारण परियोजना में अप्रत्याशित स्थिति पैदा हो गई है। भूस्खलन के परिणामस्वरूप डाइवर्सन टनल बंद हो गया है और बांध के ऊपर से पानी बह रहा है। नतीजतन परियोजना ने काम बंद कर दिया गया है और उत्तरी असम के लिए खतरा पैदा कर दिया है। वहीं दूसरी ओर डिमा हसाओ के उमरंगचू में कपिली जलविद्युत परियोजना से पानी खोल देने के कारण नगांव जिला प्रशासन ने कामपुर के नदी तटीय क्षेत्र में माइक के जरिए लोगों को चेतावनी दे रहे हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक अब तक राज्य के 17 राजस्व चक्रों के 77 गांवों में बाढ़ आ चुकी है। बाढ़ ने 35,000 लोगों को प्रभावित किया है और 200 हेक्टेयर कृषि भूमि को नष्ट कर दिया है। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में 21 राहत शिविर बनाए हैं। इस बीच, डिब्रुगढ़ के माइजान में ब्रह्मपुत्र भयानक रूप ले रहा है। तिहू, नलबाड़ी में बाढ़ तो नहीं आई, लेकिन बारिश के पानी में सड़क धंस गई। तिहु नदी के किनारे उलुबाड़ी-नखरा-नाथकुची को 31वां राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाला सड़क नतुन उलुबाड़ी में बारिश के पानी से टूट गया है, जिससे क्षेत्र के निवासियों में दहशत फैला हुआ है