मांडवी (गुजरात) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के कच्छ जिले में चक्रवात 'बिपारजॉयÓ से प्रभावित क्षेत्रों का शनिवार को हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने मांडवी शहर के एक अस्पताल में घायल लोगों से मुलाकात की और किसानों तथा एनडीआरएफ व बीएसएफ के कर्मियों से भी बातचीत की। शाह एक हेलीकॉप्टर से कच्छ जिला मुख्यालय भुज पहुंचे और जखौ का हवाई सर्वेक्षण किया, जहां बृहस्पतिवार की रात शक्तिशाली चक्रवात ने कहर बरपाया था।
उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी थे। शाह मांडवी उप-जिला अस्पताल पहुंचे और तटीय गांवों से लाए गए घायल लोगों और गर्भवती महिलाओं से मुलाकात की। शाह फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए मांडवी के पास एक खेत में पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने मांडवी हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कर्मियों से मुलाकात की, जो राहत और बचाव कार्यों में शामिल थे।
केंद्रीय गृह मंत्री वापस भुज गए और चक्रवात के बाद की स्थिति पर चर्चा की। चक्रवात के दौरान चली तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे उखड़ जाने से कई कस्बों और सैकड़ों गांवों की बिजली कट गई। सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा था कि 1,09,000 लोगों को तटीय क्षेत्रों से अस्थायी आश्रयों में स्थानांतरित किया गया, जिनमें 10,918 बच्चे, 5,070 वरिष्ठ नागरिक और 1,152 गर्भवती महिलाएं थीं।