गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को धुबड़ी के झगरारपार मिनी स्टेडियम में आयोजित 9वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का दिन है। गौरवशाली भारतीय सभ्यता और संस्कृति में योग के अमूल्य योगदान को अंगीकार करते हुए आज पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष विश्व में 9वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस वासुदेव कुटुम्बकम के लिए योग थीम के साथ मनाया जा रहा है, जो एक विश्व, एक परिवार और एक भविष्य के लिए हमारी सामूहिक आकांक्षाओं को खूबसूरती से मूर्त रूप दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वर्ष विश्व मंच पर संयुक्त राष्ट्र संघ में इस योग दिवस का नेतृत्व कर रहे हैं। यह हम सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग एक प्रकार का आंतरिक विज्ञान है जो अतीत, वर्तमान और भविष्य के बारे में स्वस्थ सोच के माध्यम से मन को जीवन पथ पर आगे बढ़ने के लिए सशक्त और निर्देशित करता है। अंतराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन स्थल से मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने प्रत्येक माता-पिता से अपने बच्चों के सामने नियमित योगाभ्यास का उदाहरण प्रस्तुत करने का आग्रह किया और कहा कि भारतीय संस्कृति के इस शक्तिशाली संसाधन को दुनिया भर में प्रचारित करने की जिम्मेदारी उभरती पीढ़ी को वहन करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों को योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की मानसिकता विकसित करनी चाहिए।
शिक्षकों को भी विद्यार्थियों को योगाभ्यास में रुचि पैदा करनी चाहिए। उन्होंने प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बावजूद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए धुबरी के लोगों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री केशव महंत, सांस्कृतिक मामलों के मंत्री विमल बोरा, सांसद और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव पवित्र मार्घेरिटा, स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अविनाश जोशी, आयुक्त दिवाकर नाथ और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।