लखीमपुर : एसआई जोनमोनी राभा की मौत के संदर्भ में जांच में जुटी सीबीआई की टीम ने लखीमपुर में लंबे समय से चल रहे नकली सोने और नकली नोटों के कारोबार में लिप्त लोगों के अलावा पुलिस अधिकारियों व इस मामले से जुड़े संदेहजनक लोगों से पूछताछ तेज कर दी है। मालूम हो कि विगत तीन दिनों से लखीमपुर आवर्त भवन में जोनमोनी राभा की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए डेरा डाले सीबीआई की टीम एक के बाद एक संदेहजनक लोगों से मैराथन पूछताछ करने में लगी हुई है। गत 20 जून को लवली कटियार के नेतृत्व में पहुंची सीबीआई की टीम नकली सोने व नकली नोटों के कारोबार के साथ जुड़े कई लोगों से मैराथन पूछताछ करने के साथ ही इस अवैध कारोबार के मास्टमाइंड बताए जा रहे अजगर अली की मां अमीना खातून से आज पुनः पूछताछ की, वहीं एसआई जोनमोनी राभा की मौत की घटना के संदर्भ में जांच करने के लिए  लखीमपुर पहुंची सीबीआई की टीम हसीना बेगम से पूछताछ करने पर बेगम ने कई महत्वपूर्ण तथ्य प्रदान किए।

वहीं नकली सोने व नोटों के कारोबार से जुड़े लगभग 17 लोगों के नामों की तालिका बेगम ने टीम को सौंपने के साथ ही दस पन्नों का आरोप पत्र भी सौंपा है। बेगम की ओर से दिए गए नामों की सूची में कई पुलिस अधिकारियों के साथ ही एक पत्रकार का नाम भी शामिल है। इन सत्रह लोगों की सूची में रफिकुल इस्लाम, अबु साहिद, जाकिर हुसैन, मोजिबुर रहमान, नसीमुद्दीन, अनारूल इस्लाम, नजरूल इस्लाम, अजगर अली, सफीकुल इस्लाम, अमीना खातुन व राहिला खातुन के अलावा लखीमपुर की पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूणु नेउग, नाउबैसा पुलिस आउटपोस्ट के पूर्व आईसी संजीव बोरा, बंगालमोरा पुलिस आउटपोस्ट के निलंबित आईसी तरूण चंद्र बारो, पत्रकार हसीनुर आलम, नारायणपुर पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर विष्णु देउरी, बिहपुरिया पुलिस स्टेशन के प्रभारी हिरण्य पातर के नाम शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई की टीम आज लखीमपुर सदर थाने भी पहुंची, वहीं आज पुनः टीम ने अजगर अली की मां आमीना खातून से पूछताछ करने के साथ ही दो अन्य महिलाओं से भी पूछताछ की। मालूम हो कि कल सीबीआई की टीम ने लखीमपुर आवर्त भवन में अपनी जांच जारी रखते हुए बंगालमारा में जांच के तहत अजगर अली की मां से पूछताछ की थी। साथ ही सीबीआई की टीम ने एक के बाद एक लोगों से संदेह के आधार पर मैराथन पूछताछ की। लवली कटियार के नेतृत्व में जांच में जुटी सीबीआई की टीम ने कल लालुक पुलिस स्टेशन के चक्र निरीक्षक भीआई मलेश्वर थिक और बंगालमारा पुलिस स्टेशन के प्रभारी राजकुमार पेगु को तलब किया था। इसके अलावा सीबीआई ने अजगर के भाई अबू तालिब सहित दो अन्य महिलाओं को भी तलब किया था।

बताया जा रहा है कि इन दोनों महिलाओं ने अजगर की मां अमीना खातून को रुपए दिए थे। अजगर अली को छोड़ने के नाम पर उससे छह लाख रुपए लिए जाने का आरोप सामने आया है। उक्त रुपए देने के लिए अमीना खातून ने ये रुपए अपने ही परिवार की इन दोनों महिलाओं से लिए थे। अजगर की मां अमीना खातून ने जोनमनी राभा के खिलाफ उत्तरी लखीमपुर सदर थाने में मामला दर्ज करवाया था। दूसरी ओर नकली सोने और नकली नोटों के कारोबारियों के साथ कई शीर्ष पुलिसकर्मी के जुड़े होने का विस्फोटक खुलासा कर सुर्खियों में आने वाली हसीना बेगम से भी सीबीआई ने कल तीन घंटे तक पूछताछ की।