इंफाल : असम राइफल्स के सैनिकों की गुरुवार तड़के मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के उत्तरी बोलजांग में अज्ञात लोगों के साथ गोलीबारी होने की जानकारी है। सूत्रों ने बताया कि स्थिति पर काबू पा लिया गया है और तलाशी अभियान जारी है। संघर्षग्रस्त मणिपुर में हिंसा की ताजा घटनाओं के बीच गोलीबारी हुई, जहां स्थिति को नियंत्रण में लाने और दंगाइयों पर कार्रवाई करने के लिए सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, बुधवार को हिंसा की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा में खड़ी कार में विस्फोट भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने सुरक्षाकर्मियों को बताया कि शाम करीब सवा सात बजे चालक के वाहन से बाहर निकलने के कुछ ही मिनटों के भीतर विस्फोट हो गया जिसमेंं तीन लोग घायल हो गए।
मणिपुर में असम राइफल्स जवानों का अज्ञात लोगों के साथ हुई गोलीबारी
