वाशिंगटन : पीएम मोदी का अमरीका में जोरदार स्वागत किया गया है। वहां पर भी प्रधानमंत्री का जलवा कायम है। इस राजकीय दौरे के दौरान पीएम मोदी कई बड़े कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसी बीच गुरुवार को पीएम मोदी ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया, जिसमें संसद के सदस्य और भारतीय अमरीकी समुदाय के लोगों ने भी हिस्सा लिया। इस सभा को संबोधित करने के दौरान पीएम मोदी के लिए जमकर तालियां बजी । इतना ही नहीं, संबोधन के बाद पीएम मोदी के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की लाइन लग गई। सांसदों ने संसद भवन में पीएम मोदी को स्टैंडिंग ओवेशन दिया। संसद में पीएम मोदी का संबोधन लगभग एक घंटे तक चला था। जब वे अपना भाषण दे रहे थे, उस दौरान लगभग 15 बार सांसदों ने स्टैंडिंग ओवेशन दिया था। जब पीएम मोदी ने अपना भाषण समाप्त करते हुए धन्यवाद कहा, तो सांसदों ने उनके लिए काफी देर तक तालियां बजाईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के दौरान अमरीकी संसद में 79 बार तालियां भी बजाई गईं।

ऑटोग्राफ और सेल्फी के लिए लगी कतार :  तालियों की गूंज से पूरा संसद भवन गूंज उठा था। सभी लोग पीएम मोदी की वाहवाही कर रहे थे। पीएम मोदी का भाषण समाप्त होने के बाद उनके साथ सेल्फी लेने के लिए सांसदों की कतार लग गई। अमरीकी सांसदों ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी ली और ऑटोग्राफ के लिए लोग लाइन में खड़े हो गए। पीएम ने प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष केविन मैक्कार्थी की संयुक्त सत्र संबोधन पुस्तिका पर हस्ताक्षर भी किए।

जिल बाइडेन तैयार किया  डिनर का मेनू : प्रधानमंत्री मोदी के लिए आयोजित स्टेट डिनर में मिलेट्स को शामिल किया गया। फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने खुद पीएम मोदी के सम्मान में आयोजित डिनर का मेनू तैयार किया था। मेनू को तैयार करने वाली शेफ नीना कर्टिस ने मीडिया को बताया कि हमने पीएम मोदी के लिए विशेष रूप से शाकाहारी भोजन तैयार किया।

अगले स्तर पर जाएगी भारत-अमेरिका की दोस्ती : इस मौके पर व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया कि दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्रों और इंडो-पैसिफिक में प्रमुख सुरक्षा प्रदाताओं के रूप में, संयुक्त राज्य अमरीका और भारत वैश्विक भलाई के लिए एक संयुक्त शक्ति हैं। आज की राजकीय यात्रा अमरीका-भारत संबंधों को अगले स्तर पर ले जाएगी, क्योंकि हम उस भविष्य का निर्माण करेंगे, जो हम देखना चाहते हैं।