गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने सोमवार को गौहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में आयोजित एक समारोह में महत्वपूर्ण देखभाल सेवा प्रणाली को मजबूत करते हुए असमवासियों को छह नई स्वास्थ्य देखभाल परियोजनाएं समर्पित की। इन परियोजनाओं में 10 बिस्तरों वाले आईसीयू प्रोजेक्ट सहित गुवाहाटी मेडिकल कालेज अस्पताल (जीएमसीएच) में  स्थापित राष्ट्रीय आपातकालीन जीवन समर्थन कौशल केंद्र, बहुविषयक अनुसंधान इकाई,  32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन, राज्य कैंसर संस्थान के लिए आणविक ऑन्कोलॉजी लैब और एसेट मैनेजमेंट पोर्टल शामिल हैं। इस मौके पर  सीएम डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने सोमवार को सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के वास्ते भौगोलिक बाधाओं को दूर करने के लिए प्रौद्योगिकी की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने चिकित्सक समुदाय से मरीजों की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रौद्योगिकी उपायों का लाभ उठाने की अपील की।

शर्मा राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में छह नई परियोजनाओं की शुरुआत के मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से भारत जैसे विशाल देश में सभी सुदूर स्थानों या बस्तियों में अस्पताल खोलना संभव नहीं है। हम नागरिकों के घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इस बीच प्रौद्योगिकी ही एकमात्र समाधान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं चिकित्सक समुदाय से मरीजों तक पहुंचने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने की अपील करता हूं। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दूरी और प्रेरणा की कमी राज्य के कुछ हिस्सों में अस्पतालों एवं डॉक्टरों के अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाने की मुख्य वजह है। उन्होंने कहा कि इस कमी को अब दूर किया जा रहा है तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित लोग अब अपना प्रदर्शन सुधार रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में आधुनिक उपकरणों तथा इनके रख-रखाव पर प्रशिक्षित कर्मियों की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो कंपनियां ये उपकरण प्रदान करती हैं, लेकिन बाद में इनकी मरम्मत एवं रख-रखाव में देरी करती हैं, उन्हें भविष्य में राज्य सरकार से ऑर्डर शायद ही मिलेगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री केशव महंत, सीईएम केएएसी तुलीराम रोंगहांग, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और परिवार कल्याण अविनाश जोशी, आयुक्त और सचिव, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान सिद्धार्थ सिंह, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अनुप बर्मन, 10 बेड आईसीयू के अध्यक्ष श्रीकांत नाधमुनि, प्रिंसिपल जीएमसीएच डॉ. अच्युत बैश्य और अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।