नलबाड़ी : एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को नलबाड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने क्षेत्र के तेजी से विकास और सुधार में मदद के लिए कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यहां उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा कुल 164.14 करोड़ रुपए की लागत से जिन परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है वे जिले के विकास में एक नया आयाम जुड़ेंगी। मुख्यमंत्री ने राज्य के पहले जल जीवन सम्मेलन में भी भाग लिया जिसमें ग्रामीण, जल उपभोक्ता समिति के सदस्य, जल मित्र, जल दूत, गांव पंचायत सदस्य, जल जीवन मिशन में भाग लेने वाले स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले नलबाड़ी गणेश मंदिर से हरि मंदिर तक 1.50 किमी सड़क को गौरव पथ के रूप में नामकरण करके उसके उन्नयन कार्य का उद्घाटन किया। नलबाड़ी शहर 

का यह मुख्य प्रवेश मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 31 से शुरू होता है और नलबाड़ी में हरि मंदिर के पास एनटी रोड पर समाप्त होता है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नलबाड़ी के बरकुची मिलनपुर में नलबाड़ी जिला कोच-राजबोंगशी एसोसिएशन का मुख्यालय चिलाराय भवन की आधारशिला रखी। चिलाराय भवन का निर्माण 2.10 करोड़ रुपए की लागत से 2 बीघे, 2 क_ा और 15 लेचा भूमि पर किया जाएगा। 5,200 वर्ग फुट की दो मंजिले इमारत में शीर्ष मंजिल पर कार्यालय, गेस्ट हाउस, सभागार और भूतल पर वाणिज्यिक दुकान कक्ष, चार अतिथि कक्ष और चार सामान्य कमरे संलग्न होंगे। चिलाराय भवन की आधारशिला रखने के बाद मुख्यमंत्री ने नलबाड़ी धमधमा रोड पर दो लेन फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। यह पुल 467.24 मीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा है और इसकी लागत 54.29 करोड़ रुपए है। डॉ. शर्मा ने नलबाड़ी के लोगों की सुविधा के लिए असम राज्य परिवहन निगम के तहत नई सिटी बस सेवा का आधिकारिक उद्घाटन भी किया।

सिटी बस सेवा जिले के विभिन्न गांवों को कवर करेगी और नलबाड़ी शहर से नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज तक बसें चलेंगी। इस सेवा के माध्यम से मुकलमुआ से बिजुलीघाट होते हुए नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज तक दो बसें, नलबाड़ी में एएसटीसी बस स्टेशन से संध्या सत्र होकर नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज के लिए एक बस और नलबाड़ी एएसटीसी बस स्टेशन से बिजुलीघाट में हाजो रोड होकर नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज को जोड़कर घग्रापार तक एक बस चलेगी। यह बस सेवा सुबह से शाम तक जारी रहेगी। डॉ. शर्मा ने सोनपुर वार्ड नंबर 9 में भारतीय जनता पार्टी, नलबाड़ी जिला समिति के नवनिर्मित स्थायी कार्यालय भवन का आधिकारिक उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने पूर्वी नलबाड़ी जोनल कमेटी के स्थायी कार्यालय की आधारशिला भी रखी। सीएम ने गवर्नमेंट गॉर्डन हायर सेकेंडरी स्कूल में 1,000 सीटों वाले थिएटर की आधारशिला भी रखी। गृह और शहरी मामलों के विभाग के तहत 26.08 करोड़ रुपए से निर्माण होने वाले इस अत्याधुनिक थिएटर में एक ग्रीनरूम, वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस हॉल, बच्चों का पार्क और पार्किंग सुविधाएं होंगी। मुख्यमंत्री इसके बाद शासकीय गॉर्डन हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित राज्य के पहले जल जीवन सम्मेलन और विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन में शामिल हुए।

उन्होंने एआईआईबी परियोजना के तहत 38 करोड़ रुपए की लागत से चार सबस्टेशन, मुख्यमंत्री बांध पक्कीकरण योजना के तहत 11.55 करोड़ रुपए की तीन परियोजनाओं की 7.60 किमी लंबाई वाली तीन सड़कें, मुख्यमंत्री पक्की सड़क नवीनीकरण योजना के तहत 1.54 करोड़ रुपए की लागत से 6 परियोजनाएं और मुख्यमंत्री पक्की सड़क निर्माण योजना के तहत 30.58 करोड़ रुपए की लागत से 15 सड़क परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने जल जीवन योजना को जन-जन की योजना बताते हुए कहा कि पीने का पानी स्वच्छ होने पर ही लोग स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 तक प्रत्येक घर के सदस्य को 55 लीटर पानी उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ इस योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आजादी के बाद पहली बार स्वच्छ पेयजल के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने के इरादे से यह योजना शुरू की है।

उन्होंने कहा, राज्य सरकार ने योजना को लागू करने में 50 प्रतिशत सफलता हासिल की है और असम 2024 तक योजना को लागू करने में 100 प्रतिशत सफलता हासिल करने में सक्षम होगा। मुख्यमंत्री ने किसी भी कार्य के साथ आध्यात्मिकता को जोडऩे की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि आध्यात्मिकता को कार्य के साथ जोडऩे से कार्य निष्पादन को विशेष आयाम मिलता है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, फ्लाईओवरों आदि को विकास तीर्थ स्थल बताया है और ऐसे विकास तीर्थ स्थलों पर जाने से उनके प्रति गहरी ईमानदारी पैदा होती है मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी भी परियोजना को विकास का तीर्थ माना जाए तो ये परियोजनाएं सदैव जीवंत रहेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में 35 लाख घरों को पहले ही सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा चुका है और राज्य सरकार जल जीवन मिशन योजना के लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर हासिल करने में सक्षम होगी।

अब तक असम के ग्रामीण क्षेत्रों में 44,435 स्कूलों में से 40,567 और 36,690 आंगनवाड़ी केंद्रों में से 32,037 को इस योजना के तहत पानी की आपूर्ति की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले प्रत्येक परिवार को राशन कार्ड जारी करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर में 40 लाख परिवारों को राशन कार्ड जारी किए जाएंगे और लाभार्थियों को मुफ्त चावल के साथ प्रति वर्ष 5 लाख रुपए का मुफ्त चिकित्सा सेवाएं भी मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अरुणोदय योजना सितंबर में 7 लाख नए लाभार्थियों को कवर करेगी यदि इन 7 लाख लाभार्थियों को अरुणोदय योजना प्राप्त होती है, तो राज्य की लगभग 26 लाख महिलाएं इस योजना के तहत कवर की जाएंगी उन्होंने कहा कि योजना की राशि 1,250 रुपए से बढ़ाकर 1,400 रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को स्वरोजगार सुविधा के लिए 10,000 रुपए प्रदान करेगी।