गुवाहाटी : प्रख्यात गायिका सुदक्षिणा शर्मा (89) का सोमवार को गुवाहाटी में लंबी बीमारी के निधन हो गया। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। सुदक्षिणा शर्मा, असम के महान गायक दिवंगत भूपेन हजारिका की छोटी बहन थीं। शर्मा के परिवार में उनकी एक बेटी हैं, जबकि उनके पति गायक दिलीप शर्मा और दो पुत्रों का पहले ही निधन हो चुका है। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के अधीक्षक डॉ. अभिजीत शर्मा ने बताया कि शर्मा को न्यूमोनिया और बिस्तर पर लंबे समय तक रहने के कारण होने वाले घावों की समस्या (शैय्या व्रण)  के चलते 23 जून को गहन देखभाल इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया था। उन्होंने बताया कि गायिका की सेहत सुधर रही थी जिसके बाद उन्हें कमरे में भेज दिया गया, लेकिन शनिवार की रात को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और सोमवार सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर उनका निधन हो गया।

अधिकारी ने कहा कि प्रसिद्ध गायिका ने अपनी आंखें और देह मेडिकल अनुसंधान के लिए पहले ही दान में देने की घोषणा कर दी थी। उनके पार्थिव शरीर को परिवार और शुभचिंतकों के अंतिम दर्शन के लिए आवास पर ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शरीर को जीएमसीएच को देने की औपचारिकताएं बाद में पूरी की जाएंगी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शोक जताते हुए कहा कि वह राज्य के सांस्कृतिक जगत का चमकता सितारा थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी यादगार प्रस्तुतियों से संगीत की दुनिया को समृद्ध किया था और उनका निधन राज्य के सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।

असम के प्रसिद्ध हजारिका परिवार में चौथी संतान के रूप में जन्मी सुदक्षिणा शर्मा ने छोटी उम्र से अपने बड़े भाई भूपेन हजारिका के साथ गाना शुरू कर दिया था। शर्मा ने नौ वर्ष की आयु में असम के विख्यात सांस्कृतिक सक्रिय प्रतिभागी विष्णु रावा के नेतृत्व में कलकत्ता (अब कोलकाता) में ग्रामोफोन रिकॉड्र्स के लिए चार गाने गाए थे। उन्होंने महात्मा गांधी के राज्य में वर्ष 1946 में हुए अंतिम दौरे के दौरान  ई जॉय रघुर नंदन गाया था। गांधी ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए हमेशा गाने के लिए कहा था। प्रख्यात गायिका ने मनीराम दीवान, चिकमिक बिजुली, परघाट, अबूज बेडोना और हेपा सहित कई असमीया फिल्मों में पाश्र्व गायन के लिए अपनी आवाज दी थी। उन्होंने असम के गीतों के अलावा राज्य की संगीत विरासत की विभिन्न शैलियों में अपनी आवाज दी, जिनमें बरगीत, कामरूपी, ग्वालपारिया, बनगीत, बियानाम और बिहुनाम शामिल हैं। उन्होंने कोलकाता में मशहूर गायक दिलीप शर्मा से शादी की थी।