गुवाहाटी: असम विधानसभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने कहा कि 30 जुलाई को असम विधानसभा के नए भवन को लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला उद्घाटन करेंगे। बृहस्पतिवार को असम विधानसभा परिसर में आयोजित संवाददाता संम्मेलन के दौरान विस अध्यक्ष श्री दैमारी ने कहा कि नए असम विधानसभा अब बनकर तैयार हो चुका है, जो काम बचा हुआ है वह युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले 30 जुलाई को लोस के अध्यक्ष ओम बिड़ला नए भवन का उद्घाटन करेंगे, जबकि नए सचिवालय भवन का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है जिसके कारण इस वर्ष के अंतिम महीने तक उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को नए विस भवन परिसर में पौधारोपन का कार्य किया जाएगा।

विस अध्यक्ष दैमारी ने कहा कि विधानसभा की विशेष पहल  पर पूरे राज्य में पंचायती व्यवस्था को कायम करने के साथ उसे और बेहतर करने के मद्देनजर पंचायत सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में इसको लेकर सभा डिब्रूगढ़ जिले में हुई थी और आगामी आठ जुलाई गुवाहाटी में  की जाएगी, जिसमें छह जिलों को शामिल किया गया। सम्मेलन के दौराण राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पंचायत एवं ग्रामोन्नयन विभाग मंत्री, पयर्टन मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, परिवहन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, आंचलिक पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष,सदस्य, जिला परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य,गांव पंचायत के अध्यक्ष,सदस्य और विभिन्न विभाग के अधिकारी भाग लेंगे। इस पंचायती राज को और मजबूत करने और वर्तमान में व्याप्त समास्याओं का समाधान करने पर महामंथन किया जाएगा।