गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को दावा किया कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)पूर्वोत्तर की अधिकांश सीटों पर परचम लहराएगी। बशिष्ठ चाराली स्थित प्रदेश भाजपा के मुख्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे देश के निर्माण के लिए निःस्वार्थ भावना के साथ काम करते रहें, क्योंकि वे पार्टी की नीतियों और आदर्शों के वाहक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की धारा बही रही है। विशेषकर पूर्वोत्तर राज्यों में की बात करें आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष पहल के कारण ही पूर्वोत्तर के हर क्षेत्र में विकास हुआ है और आगे भी जारी रहेगा। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की साकारात्मक प्रयास के कारण ही आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा पहले से भी ज्यादा सीटें जीतने में कामयाब होगी।
मुख्यमंत्री ने जिला और क्षेत्रीय स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं को बैठकों के माध्यम से चर्चा में शामिल होने का भी सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक कार्यकर्ता से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और आगामी चुनावों के मद्देनजर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक ले जाने का भी आग्रह किया। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई के अध्यक्ष भवेश कालिता ने कांग्रेस को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 14 सीट पर चुनाव लड़ने की शनिवार को चुनौती दी। कलिता ने विश्वास जताया कि अगले साल होने वाले आम चुनाव के बाद केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता में बरकरार रहेगा और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने यहां पार्टी की एक दिवसीय बैठक से इतर संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस को राज्य में सभी 14 सीट पर चुनाव लड़ना चाहिए। भाजपा और उसके सहयोगी दल भी सभी सीट पर चुनाव लड़ेंगे। तभी स्पष्ट होगा कि जनता का समर्थन किसके साथ है। कलिता ने कहा कि लोगों ने हमारा काम देखा है और वे हमारे लिए वोट डालेंगे। भाजपा नीत राजग और नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करेंगे। राज्य के लिए मसौदा परिसीमन प्रस्ताव को भाजपा का एजेंडा बताने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग स्वतंत्र संस्था है। यह किसी के इशारे पर काम नहीं करता।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता और प्रदेश भाजपा के सांगठनिक महासचिव फनिंंद्र नाथ शर्मा की उपस्थिति में तीन संगठनात्मक बैठकें हुईं। बैठक की अध्यक्षता भवेश कलिता ने की और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और महाजनसंपर्क अभियान पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा के 39 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारी,सह.प्रभारी और पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक के बाद प्रदेश के आठों भाजपा मोर्चों के पदाधिकारियों ने विशेष बैठक में भाग लिया। भाजपा के सांसद, विधायक और पार्टी के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दूसरी ओर सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान भाजपा में फिर से नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच टकराव नहीं हो इसके लिए भी एक विशेष पहल करने पर सहमति बनी है।
भाजपा के प्रत्येक कार्यकारिणी सदस्य को न केवल नेतृत्व करते रहना चाहिए, बल्कि अधिक सक्रिय रहना चाहिेए। सभी कार्यकारिणी सदस्यों को चुनाव की मुख्य जिम्मेदारी मिलने एवं पुराने नेताओं की कमी की शिकायतों को दूर करने पर ध्यान दिया जाए जाने की बात भी उठी। बैठक के दौरान पुराने सदस्यों के घरों की पहचान कर रिपोर्ट तैयार करने,उन्हें फिर से पार्टी में शामिल करने, अपना बूथ सबसे मजबूत की नीति पर चलने पर चलने पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शर्मा ने भी बुजुर्ग कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित किया और उनके योगदानों के लिए भाजपा की सरकार बनी की बातें कही।