कमलपुर : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने आज रविवार को कमलपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित पुठिमारी से लोकसभा चुनाव-2024 का बिगूल फूंक दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्वाधीन भाजपा सरकार के नौवें वर्ष पर आयोजित महासंपर्क अभियान के तहत मंगलदै लोकसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा चुनाव में अगप और यूपीपीएल के साथ गठबंधन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोकसभा चुनाव के लिए बीपीएफ से मदद मांगेंगे। मीडिया से मुखातिब होते मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन पूरा होने के बाद पंचायतों का परिसीमन किया जाएगा। असम में त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली के बजाए दो-स्तरीय पंचायत प्रणाली शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें तीनों गोगोइयों के हाथ उठाने पर कोई आपत्ति नहीं है लेकिन सभी मूल निवासियों को हमारे साथ हाथ उठाना होगा अन्यथा असम बांग्लादेश बन जाएगा।
सीएम ने विपक्ष पर वार करते हुए कहा कि भाजपा के पास विपक्ष का कोई गोल पोस्ट नहीं है और जितने चाहें उतने गोल कर सकते हैं। पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में ऐसे चुनाव के बाद मारपीट जैसी कोई घटना नहीं होती। उन्होंने कहा कि जहां रवींद्रनाथ टैगोर का जन्म हुआ और सुभाष चंद्र बोस का जन्म हुआ, उस राज्य में ऐसा देखना दुखद है । मुख्यमंत्री ने पुठिमारी पूजाखला में पुठिमारी बारवारी दुर्गा मंदिर, पुठिमारी क्षेत्रीय हरि मंदिर और अखिल असम नागड़ा नाम संघ कार्यालय की आधारशिला रखी। उन्होंने फिर से खुद की तुलना चंद्रमा से की और नरेंद्र मोदी को सूरज बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी दोबारा देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य तीन मेडिकल कॉलेजों के बढ़ने के बाद इनकी संख्या बारह तक पहुंच गई है। पूरे असम में ड्रग्स के खिलाफ कड़ा रूख अपना कर दो हजार करोड़ रुपए के ड्रग्स जब्त किए गए, जो पूर्वतः संभव नहीं था।
असम में अब अपराध कर कोई बच नहीं सकता, भागने से गोली खानी पड़ेगी या जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अक्टूबर तक असम में सभी को राशन कार्ड जारी कर दिए जाएंगे और लाभार्थियों को आरोग्य योजना कार्ड मिलेगा। जिसके जरिए उन्हें अस्पतालों में 5 लाख रुपए की सहायता मिलेगी। अरुणोदोई योजना सितंबर में पूरे असम में 700,000 लोगों को और फिर 800,000 परिवारों को वितरित की जाएगी। सेल्फ हेल्प ग्रुप की चालीस लाख महिलाओं को समूह के बजाए व्यक्तिगत रूप से 10,000 रुपए मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर महिलाएं 10,000 रुपए अच्छे से खर्च करेंगी तो फिर प्रत्येक महिला को 25,000 रुपए मिलेंगे। दो अक्तूबर में 10 करोड़ पेड़ लगाए जाएंगे। इसके लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दो पौधे लगाने होंगे,तभी मिलेगा 10 हजार रुपए का प्रपत्र। उन्होंने कहा कि इस महीने के भीतर अन्य 22,000 नौकरियों का विज्ञापन जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 लाख युवाओं को 2 लाख रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को पहले 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। अगर युवा इसका सही उपयोग करेंगे तो उन्हें 2 लाख रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में कोई आंदोलन का माहौल नहीं होने के कारण ही विकास संभव हो सका है। मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रत्येक हाई स्कूल को पांच-पांच करोड़ रुपए और आंगनबाडी केंद्रों को 25-25 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पुठिमारी दुर्गा मंदिर को 1 करोड़ रुपए और मंगलदै लोकसभा क्षेत्र के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 100 मंदिरों को 1.5 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। इस कार्यक्रम में मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, चंद्र मोहन पटवारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता और विधायक परमानंद राजवंशी ने भाग लिया।