गुवाहाटी : असम के  वैज्ञानिक चयन दत्त चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण नियंत्रण मिशन का संचालन करेंगे। यह पूरे देश और राज्य के वैज्ञानिक समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण होगा। गौरतलब है कि असम के लखीमपुर जिले के चयन दत्त को पहले ही इस मिशन का उप परियोजना निदेशक नियुक्त किया जा चुका है। यहा उल्लेखनीय है कि चयन दत्त अंतरिक्ष विभाग के यूआर राव सैटेलाइट सेंटर में एक वैज्ञानिक और इंजीनियर हैं और तेजपुर विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व छात्र हैं। उन्हें चंद्रयान-3 मिशन के ऑन बोर्ड कमांड टेलीमेट्री, डेटा हैंडलिंग और स्टोरेज सिस्टम तथा लैंडर के उप परियोजना निदेशक नियुक्त किया गया हैं।

कमांड और डेटा हैंडलिंग सिस्टम ऑर्बिटर का मस्तिष्क है और अंतरिक्ष यान के सभी कार्यों को   नियंत्रित करता है। देश की अंतरिक्ष अनुसंधान एजेंसी (इसरो) 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र से भारत का तीसरा चंद्र मिशन चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण करेगा जिस पर पूरी दुनिया का नजर है। इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में लगे वैज्ञानिक दत्त ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मैं इस जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाने में सक्षम होने के लिए खुद को भाग्यशाली समझता हूं और इसके लिए मैं संबंधित सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं।

उन्होंने कहा कि यह मिशन हमारे देश और दुनिया के वैज्ञानिक समुदाय के लिए मील का पत्थर साबित होगा। तेजपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर शंभू नाथ सिंह ने वैज्ञानिक दत्त और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण मिशन की प्रक्रिया न केवल अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए , बल्कि देश की प्रतिबद्धता को उजागर करती है बल्कि देश के भीतर असाधारण प्रतिभा और उत्कृष्टता को भी उजागर करती है। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश, असम के लोगों और तेजपुर विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण होगा।