कोलकाता :  केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग तथा आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कोलकाता में आज आयोजित एक समारोह में राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान (एनआईएच) की क्षमता बढ़ाने संबंधी प्रमुख घोषणाएं कीं। आयुष मंत्री ने एनआईएच की क्षमता को बढ़ाने के लिए इसमें 150 नए बिस्तरों को जोडऩे की घोषणा की है। फिलहाल यहां 100 बिस्तरों की व्यवस्था है। वहीं  'मेक इन इंडिया' को बढ़ावा देने के लिए, सर्वानंद सोनोवाल ने एनआईएच कैंपस में जल्द ही एक  होम्योपैथिक औषधि निर्माण इकाई चालू करने की भी घोषणा की।

इस मौके पर सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि छात्रों की सुविधा के लिए एक आधुनिक बहुमंजिला छात्रावास की नींव रखने के लिए राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान में आना अत्यंत खुशी का क्षण है। जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा मिला है, हमें उसे बनाए रखना चाहिए। संस्थानों को ऐसे चिकित्सक तैयार करने में मदद करनी चाहिए, जो सेहतमंद और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।  उन्होंने कहा कि मुझे आपको यह बताते हुए बेहद खुशी महसूस हो रही है कि हमने एनआईएच की मौजूदा क्षमता में बढ़ोतरी का फैसला किया है।

इसके तहत संस्थान में 150 नए बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, एनआईएच कैंपस में ही होम्योपैथिक दवाओं को तैयार करने की एक यूनिट भी स्थापित की जाएगी। सोनोवाल ने आगे कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आयुष चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने और लोगों के लाभ के लिए इसे देश के स्वास्थ्य सेवा तंत्र के साथ एकीकृत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर केंद्रीय आयुष और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. महेंद्र मुंजपारा ने कहा कि  एनआईएच, कोलकाता शिक्षार्थी समुदाय के लिए होम्योपैथी में अद्वितीय शैक्षिक अवसर प्रदान कर रहा है। होम्योपैथी में जबरदस्त क्षमता है और इसे उपचारात्मक, निवारक और पुनर्वास स्वास्थ्य देखभाल जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अन्य प्रणालियों की तुलना में अपनी श्रेष्ठता दिखाने की जरूरत है।