गोलाघाट : गोलाघाट नगर के हिंदी स्कूल रोड में आज सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार हिंदी स्कूल रोड निवासी संजीव घोष, जुनू घोष और संघमित्रा घोष को उनके घर में खून से लथपथ हालात में पाए जाने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गोलाघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की व्यवस्था करने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में इन तीनों की किसी धारदार हथियार से हत्या किए जाने का संदेह है। मालूम हो कि नाजीबुर रहमान नामक युवक ने तीनों का मर्डर करने के बाद संघमित्रा के नौ माह के बच्चे को अपने साथ ले जाकर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।
बताते चलें कि नाजीबुर कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर निकला था। इस घटना में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रायः तीन साल पहले नाजीबुर और संघमित्रा ने प्रेम विवाह किया था। लेकिन शादी के बाद से ही नाजीबुर द्वारा प्रताड़ित किए जाने पर संघमित्रा ने नाजीबुर के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया और पुनः हिन्दी स्कूल रोड स्थित अपने माता-पिता के साथ रहने लगी थी। वहीं संघमित्रा द्वारा दर्ज शिकायत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। इस बीच संघमित्रा ने एक बच्चे को भी जन्म दिया। साथ ही उसने न्यायालय द्वारा नाजीबुर से तलाक की अर्जी दाखिल कर रखी थी। लेकिन जेल से निकलते ही नाजीबुर ने इस पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने के साथ ही संघमित्रा के मासूम को भी अपने साथ ले जाने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
वहीं इस दिल दहला देने वाले घटना को अंजाम देने वाले आरोपी नाजीबुर रहमान ने अगवा बच्चे के साथ गोलाघाट थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। इधर गोलाघाट के इस ट्रिपल मर्डर कांड के मुख्य आरोपी नाजीबुर रहमान के आत्मसमर्पण किए जाने के बाद विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस जघन्य कृृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे एक अक्षम्य अपराध बताया और कहा कि इस घटना को सभ्य समाज द्वारा कभी भी स्वीकार नहीं किया जा सकता। साथ ही आरोपी को फांसी दिए जाने की मांग करते हुए आज देर शाम विभिन्न संगठनों ने गोलाघाट थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। वहीं दूसरी तरफ ट्रिपल मर्डर कांड के मुख्य आरोपी नाजीबुर रहमान को फांसी दिए जाने की मांग करते हुए विश्व हिंदू परिषद गोलाघाट जिला समिति ने कल 25 जुलाई को सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक 12 घंटे तक गोलाघाट जिला बंद का आह्वान किया है।