गुरुग्राम/चंडीगढ़ (हरियाणा) :  गुरुग्राम में भीड़ द्वारा एक मस्जिद पर किए गए हमले में इसके नायब इमाम की मौत हो गई और इसी के साथ हरियाणा के नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की यात्रा को रोकने की कोशिश करने पर भड़की हिंसा में मृतक संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नूंह जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को कफ्र्यू लगा दिया। नूंह में चार लोगों की हिंसा में मौत हो गई है तथा कई अन्य लोग घायल हुए हैं। हरियाणा के गृह मंत्री ने अनिल विज ने आरोप लगाया कि यह हिंसा साजिश के तहत की गई। पुलिस ने बताया कि नूंह से भड़की हिंसा गुरुग्राम में भी फैल गई और शहर के सेक्टर-57 में भीड़ के हमले में 26 वर्षीय इमाम की मौत हो गई तथा एक मस्जिद में आग लगा दी गई। 

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने गोलियां चलाईं, जिसके कारण दो लोग घायल हो गए और इनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतक इमाम की पहचान बिहार निवासी साद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि भीड़ आधी रात के बाद सेक्टर-57 स्थित अंजुमन मस्जिद पहुंची और कुछ लोगों ने मस्जिद में मौजूद लोगों पर गोलीबारी की तथा परिसर में आग लगा दी। नूंह में हिंसा के दौरान सोमवार को घायल हुए दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान होमगार्ड नीरज और गुरसेवक तथा भादस गांव निवासी शक्ति के रूप में हुई है। हिंसा में मारे गए चौथे व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो पाई है। नूंह में हिंसा के दौरान घायल हुए 23 लोगों में 10 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

पुलिस ने दंगे के संबंध में जिले में 11 प्राथमिकी दर्ज की हैं और 27 लोगों को हिरासत में लिया है। जिले में हिंसा के दौरान कम से कम 120 वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इनमें से पुलिसकर्मियों के आठ वाहन समेत 50 वाहन को आग लगा दी गई। विज ने मंगलवार को बताया कि नूंह जिले में कफ्र्यू लगा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हिंसा 'साजिश' के तहत की गई। विज ने कहा कि किसी ने इसकी (हिंसा की) साजिश रची, लेकिन मैं किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहता। हम इसकी जांच करेंगे और इसके लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति को न्याय के दायरे में लाया जाएगा। मुस्लिम बहुल नूंह में हिंसा की खबर फैलते ही, निकटवर्ती सोहना में भीड़ ने स्पष्ट रूप से इस समुदाय के लोगों के चार वाहनों और एक दुकान को आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि नूंह और सोहना में हालात तनावपूर्ण हैं, लेकिन मंगलवार को ताजा हिंसा की कोई खबर नहीं आई। इसने कहा कि कि नूंह और अन्य प्रभावित इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस और अद्र्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नूंह में हालात काबू में हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की 13 कंपनी जिले में पहुंच चुकी हैं, जबकि छह अन्य जल्द ही वहां पहुंच जाएंगी।