गुवाहाटी: एआईयूडीएफ प्रमुख तथा धुबड़ी संसदीय क्षेत्र के सांसद मौलाना बदरुद्धीन अजमल ने आखिरकार मारवाड़ी समाज पर अपने विवादित बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। उल्लेखनीय है कि सांसद अजमल ने माफीनामा को मीडिया में जारी किया और उन्होंने कहा कि मेरे बयानों से अगर किसी समुदाय को आघात पहुंचा है तो इसके लिए मुझे खेद है। मालूम हो कि अजमल ने कुछ दिन पहले कहा था कि सब्जी की कीमतें मारवाड़ी समुदाय ने बढ़ाई है, क्योंकि इस समुदाय से सरकार पैसे लेती है। इस आधारहीन बयान के बाद मारवाड़ी समाज के लोगों ने काफी विरोध किया था।
विशेषकर असम प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव तथा प्रवक्ता गौरव सोमानी ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सांसद अजमल के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा था। मामले को तूल पकड़ता देख अजमल ने माफी मांग ली। इस सिलसिले में सोमानी ने कहा कि सांसद बदरुद्दीन अजमल ने मारवाड़ी समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसके के जवाब में उन्हें नोटिस भेजा गया था। सांसद के विवादित बयान पर मारवाड़ी समुदाय ने कड़ा विरोध जताया था। सोमानी ने कहा कि सांसद ने सर्वजनिक रूप से माफीनामा जारी किया है। यह भाव विभिन्न समुदायों के बीच सद्भाव और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देगा।
सोमानी ने कहा कि हम इस मुद्दे के संबध में अपने बयान की जिम्मेदारी लेने और माफी मांगने के लिए सांसद की सद्इच्छा की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि हम उन सभी लोगों के प्रति अपना आभार व्यक्त करना चाहते हैं जो इस मामले में शामिल रहे हैं और जिन्होंने अपनी चिंताएं व्यक्त की है। सभी के समर्थन ने इस सकारात्मक परिणाम को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम एक समावेशी समाज की दिशा में काम करने को प्रतिबद्ध हैं जहां हर व्यक्ति को महत्व और सम्मान दिया जाता है।