गुवाहाटीः लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक बड़ा झटका लगने की संभावना है। पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाई कल खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्त विभाग के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे, लेकिन राज्य सरकार की ओर से मिले कैबिनेट के दर्जा से इस्तीफा देने की अटकलें चल रही हैं। हालांकि प्रदेश भाजपा और राजेन गोहाई की ओर से किसी प्रकार के अधिकारिक बयान जारी नहीं किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार इसके पीछे आगामी लोकसभा चुनाव बताया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व भाजपा सांसद पिछले सात अगस्त से 12 अगस्त तक दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। माना जा रहा है कि वे लोकसभा चुनाव में टिकट की बात करने गए थे, लेकिन पार्टी हाईकमान से इस सिलसिले में कोई बात नहीं बनी, जिसके कारण वे कल असम सरकार की ओर से दिए गए कैबिनेट स्तर के पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को एक बजे मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा के हाथों में त्याग पत्र देने की खबर है। अब देखना होगा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता कल क्या करते हैं।