गुवाहाटी : बीआईईओ,असम ने  बीते कल यानी 17 अगस्त को असम कोऑपरेटिव एपेक्स बैंक, धुबड़ी शाखा के बैंक प्रबंधक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इस संदर्भ में बीआईईओ पीएस में आईपीसी की धारा 467/420/406/468/471/472/475 के तहत 09/2022 नंबर में एक मामला दर्ज किया गया और शुक्रवार को आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कामरूप (मेट्रो) की अदालत में पेश किया। वर्तमान शाखा प्रबंधक द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर बीआईईओ ने यह मामला दर्ज किया था।  एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि एक बैंक कर्मचारी दिलीप कुमार पॉल ने कुछ अन्य बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से फिक्स्ड डिपॉजिट के नाम पर धोखाधड़ी से विभिन्न ग्राहकों से 7,64,000  रुपए उठा लिए थे और बैंक के नाम पर फर्जी पासबुक और सर्टिफिकेट जारी कर दिया था।

दिलीप कुमार पॉल और बैंक के 6 अन्य कर्मचारियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके अलावा जांच के दौरान बीआईईओ, असम ने इन धोखाधड़ी गतिविधियों में तत्कालीन शाखा प्रबंधक दीपांकर दास और अन्य बैंक अधिकारियों की संलिप्तता के पर्याप्त सबूत एकत्र किए, जिससे बैंक के कई ग्राहकों को वित्तीय नुकसान हुआ। यह पाया गया कि उन्होंने बैंक के नाम पर फर्जी पासबुक और फिक्स्ड डिपॉजिट सर्टिफिकेट बनाया और कई ग्राहकों को जारी किया और ग्राहकों द्वारा जमा की गई राशि का दुरुपयोग किया।

उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर बीइइओ, असम ने दीपांकर दास, शाखा प्रबंधक, कोकिल कश्यप, बैंक पीओ, संतोष कुमार नाथ, लेखाकार सहित बैंक के दो संविदा सहायक रूपम मोदक और सूरजपाल सिंह को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया और 18 अगस्त को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कामरूप (मेट्रो) के अदालत में पेश किया।