गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की अध्यक्षता में दिसपुर में आयोजित असम मंत्रिमंडल की 100वीं बैठक ने परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात चार नए जिलों तथा 81 उप-जिलों के गठन को मंजूरी दे दी। इस कवायद का मकसद प्रशासनिक दक्षताओं में सुधार करना है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। डॉ. शर्मा ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि हमने चार नए जिलों का पुनर्गठन किया हैं। तदनुसार होजाई, विश्वनाथ, तामुलपुर और बजाली को जिला बनाया जाएगा। परिसीमन प्रक्रिया के कारण प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्निर्धारण पर चुनाव आयोग की रोक लागू होने से एक दिन पहले 31 दिसंबर 2022 को असम सरकार ने चार जिलों को चार अन्य जिलों के साथ मिलाने तथा कुछ गांवों के प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र को बदलने का फैसला किया था।
इस सिलसिले में विश्वनाथ जिले को शोणितपुर में, होजाई को नगांव में, बजाली को बरपेटा में और तामुलपुर को बक्सा के साथ मिला दिया गया था। डॉ. शर्मा ने कहा कि मंत्रिमंडल ने 24 महकमे को विलोप करने का भी फैसला किया है और इनके स्थान पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को कवर करते हुए 81 उप-जिले बनाए जाएंगे, जिसमें सभी प्रशासनिक शक्तियां अतिरिक्त जिला आयुक्तों को सौंपी जाएंगी। छठी अनुसूची स्वायत्त परिषदों के तहत विधानसभा क्षेत्रों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा जाएगा और बाद में हितधारकों के साथ परामर्श किया जाएगा। नए जिलों और उप जिलों के गठन की अधिसूचना शनिवार को जारी की जाएगी लेकिन यह एक जनवरी 2024 से प्रभावी होगी।
मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार के दो साल और चार महीने के कार्यकाल के दौरान 100वीं कैबिनेट के फैसलों को छोड़कर कुल 1,238 फैसले लिए गेए हैं। इनमें से 1217 निर्णय क्रियान्वित हो चुके हैं। 98 प्रतिशत फैसले लागू हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को 2002 से लेकर 2021 तक राज्य मंत्रिमंडल की 264 बैठकों में लिए गए फैसलों की एक पुस्तिका भी सौंपी। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि यह पुस्तिका उत्कृष्ट कार्यों का रिकार्ड है।