गुवाहाटीः मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने रविवार को गुवाहाटी के खारघुली पहाड़ स्थित ब्रह्मपुत्र राज्य अतिथि गृह में आयोजित जिला आयुक्तों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने बैठक के दौरान अमृत वृक्ष आंदोलन, खेल महारण, असम सांस्कृतिक महासंग्राम, मिशन वसुंधरा, अरुणोदय, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, किसानों से धान खरीदने, राशन कार्ड बनाने, किसानों से सरसों की खरीद, चाय जनगोष्ठी समुदाय की महिलाओं के लिए सहायता राशि देने जैसी चल रही विभिन्न योजनाओं और आगामी नीतियों की प्रगति के बारे चर्चा करने के साथ ही इसका जायजा भी लिया। बैठक के दौरान अमृत वृक्ष आंदोलन पर मुख्यमंत्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि मेगा पौधरोपण अभियान में आम जनता के सदस्यों की व्यापक भागीदारी हो।
साथ ही आगामी खेल महारण और सांस्कृतिक महासंग्राम के बारे में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये दोनों योजनाएं राज्य की छिपी हुई प्रतिभाओं को एक शक्तिशाली मंच प्रदान करेंगी। उन्होंने जिला आयुक्तों से खेल महारण और असम सांस्कृतिक महासंग्राम की तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और अपने-अपने जिलों में इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नए लाभार्थियों को जोड़ने पर जिलों की प्रगति का भी जायजा लिया और जिला आयुक्तों को पूरी प्रक्रिया को लगभग 3 से 4 महीने की निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने चल रहे मिशन वसुंधरा 2.0 की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली और जिला आयुक्तों से यह देखने को कहा कि इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं में कोई देरी न हो। उन्होंने जिला आयुक्तों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मेरे तथा मेरे कार्यालय से सभी प्रकार के सहयोग और समर्थन में किसी प्रकार की कमी नहीं होगी। योजनाओं को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए हर प्रकार से सहयोग किया जाएगा। बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जोगेन मोहन, मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आज की बैठक में शामिल हुए।