गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा बुधवार की शाम पूर्वोत्तर के सबसे लंबे फ्लाईओवर (मालीगांव से कामाख्या गेट तक 2.63 किलोमीटर) को जनता की सेवा में समर्पित करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने 21 अगस्त को एक ट्वीट में घोषणा की थी कि 30 अगस्त, बुधवार को पवित्र राखी पूर्णिमा की संध्या पर मालीगांव फ्लाईओवर सार्वजनिक यातायात के लिए खोली जाएगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद 420.15 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस फ्लाईओवर को तय समय सीमा के भीतर जनता की सेवा में समर्पण करने के लिए पिछले एक सप्ताह से 300 से अधिक मजदूर युद्ध स्तर पर दिन-रात काम में जुटे हुए थे।
बुधवार को अपराह्न 4ः30 बजे मालीगांव चाराली के पियोली फुकन चौक पर फ्लाईओवर के शुभ उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में असम सरकार के आवास, शहरी विकास और सिंचाई मंत्री अशोक सिंघल, गुवाहाटी की सांसद क्वीन ओजा, गुवाहाटी के तीन विधायक रमेंद्र नारायण कलिता, सिद्धार्थ भट्टाचार्य और अतुल बोरा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे। दूसरी ओर इस दौरान किसी भी तरह की अनहोनी या दुर्घटना न हो, इसकी भी तैयारी की गई है। उल्लेखनीय है कि इसके निर्माण के दौरान गाहे- बगाहे कई बार दुर्घटना हो चुकी हैं। इसलिए उद्घाटन के दौरान किसी भी तरह के विघ्न से बचने के लिए पुलिस की ओर से व्यापक तैयारी की गई है। गुवाहाटी पुलिस ने उद्धाटन के मद्देनजर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कारगर कदम उठाए हैं। विशेष रूप से सड़क पर बच्चों, छात्रों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विकलांग व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहनों की आवाजाही पर कुछ प्रतिबंध लगाए हैं और सामान्य मार्ग में कुछ परिवर्तन किए हैं।
गुवाहाटी पुलिस उपायुक्त (यातायात) के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के निर्देशानुसार जो सार्वजनिक वाहन सभा के लिए आएंगे, वे अपने वाहन/बसें बोरीपाड़ा पार्किंग मैदान में रखे जाएंगे और पैदल सभा स्थल तक आएंगे। अपराह्न 3.30 बजे से समारोह समाप्त होने तक जालुकबाड़ी की ओर से भरलुमुख की ओर आने वाले सभी दोपहिया व एलएमवी वाहन को बोरीपाड़ा पुल से कामाख्या रेलवे स्टेशन की ओर मोड़ दिया जाएगा, फिर गौशाला / रंग भवन होकर मालीगांव गेट नंबर 3 से एटी रोड की ओर बढ़ाया जाएगा। इस दौरान सभी सिटी बसों को जालुकबाड़ी बाईपास-1, रोटरी प्वाइंट और हज भवन से तेतेलिया होते हुए मालीगांव गेट नंबर 3 से एटी रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा।
इसके अलावा सभी एएसटीसी बसें/डे सुपर बसें जालुकबाड़ी से सीधे गढ़चुक-लोखरा-वशिष्ठ-खानापाड़ा की ओर जाएंगी। माल ढोने वाले वाहनों को छोड़कर भरलुमुख से जालुकबाड़ी की ओर आने वाले वाहनों के लिए यातायात के मार्ग में कोई परिवर्तन नहीं होगा। सभी वाणिज्यिक माल ढोने वाले वाहनों को 30 अगस्त के दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक एटी रोड और बीजी रोड यानी भरलुमुख से जालुकबाड़ी तक चलने की अनुमति नहीं होगी। गौरतलब है कि सभी आपातकालीन वाहन, एम्बुलेंस, फायर टेंडर आदि सामान्य यातायात मार्ग का पालन करेंगे।