नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, इसमें दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर केंद्रित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। यह मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बाइडेन के नई दिल्ली पहुंचने के तत्काल बाद हुई। बाइडेन से मुलाकात के बाद मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रेसिडेंट बाइडेन को 7 लोक कल्याण मार्ग पर रिसीव करके खुश हूं। हमारी मुलाकात काफी सार्थक रही। हमने कई अहम मुद्दों पर बातचीत की। दोनों देशों के बीच आर्थिक मुद्दों पर सहयोग बढ़ेगा। इसके साथ ही दोनों देशों के लोगों के बीच भी संपर्क बढ़ेगा।

एक साझा बयान में कहा गया कि अमरीका के राष्ट्रपति बाइडेन ने यह प्रदर्शित करने के लिए भारत की जी20 अध्यक्षता की सराहना की कि कैसे एक मंच के रूप में जी20 महत्वपूर्ण परिणाम दे रहा है। मोदी  और बाइडन ने अपनी सरकारों से भारत-अमरीका रणनीतिक साझेदारी को सभी आयामों में   परिवर्तित करने का काम जारी रखने का आह्वान किया।  दोनों नेताओं  ने जी20 के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई और विश्वास जताया कि शिखर सम्मेलन के नतीजे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही उन्होंने भारत-अमरीका प्रमुख रक्षा साझेदारी को गहरा और विविधतापूर्ण बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

  अधिक जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि  दोनों नेताओं की वार्ता में व्यापक मुद्दे शामिल रहे और इससे भारत और अमरीका के बीच संबंध और प्रगाढ़ होंगे। बैठक में अमरीका की ओर से अमरीकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन, विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन भी मौजूद थे, जबकि भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल थे। मोदी अगले दो दिनों में 15 द्विपक्षीय बैठकें करने वाले हैं। प्रधानमंत्री ने पहले कहा था कि ये बैठकें विभिन्न देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा का तथा विकास सहयोग को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेंगी।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन से पहले अपनी पहली द्विपक्षीय बैठक में शुक्रवार को यहां मॉरीशस के अपने समकक्ष प्रविंद जगन्नाथ से बातचीत की और 'ग्लोबल साउथ' की आवाज आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।  मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ और मेरी बहुत अच्छी मुलाकात हुई। यह भारत-मॉरीशस के संबंधों के लिए विशेष वर्ष है, क्योंकि हमारे कूटनीतिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे हुए हैं। हमने अवसंरचना, फिनटेक, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर विचार-विमर्श किया।

ग्लोबल साउथ की आवाज आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।Ó जगन्नाथ जी20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे और नई दिल्ली हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मोदी शनिवार को ब्रिटेन, जापान, जर्मनी और इटली के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों के अलावा जी20 के सत्रों में शामिल होंगे।  सूत्रों के अनुसार, रविवार को वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ दोपहर के भोजन पर बैठक करेंगे।