गुवाहाटी : असम के लोगों द्वारा सिर्फ एक साल में रिकॉर्ड टोल भुगतान के विस्फोटक आंकड़े सामने आए हैं। असम के लोगों ने पिछले 2022 वर्षों में राज्य में 7 टोल नाकों पर 309 करोड़ रुपयों का भुगतान किया है। सोनापुर के ग्लोबल पेनडेमिक रेसपांस फोरम के निदेशक राकेश हजारिका द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक सवाल के जवाब में यह जानकारी मिली है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अनंत लाल द्वारा दिए गए जवाब में कहा गया है कि असम में फिलहाल 9 टोल गेट हैं लेकिन इनमें से 7 टोल गेटों से कुल 309 करोड़ रुपए की वसूली हुई है। आरटीआई डेटा के मुताबिक पहली जनवरी से 31 दिसंबर 2022 तक बाइहाटा के मदनपुर टोल गेट पर 109.91 करोड़ रुपए का कर संग्रह हुआ, वहीं दूसरी ओर सोनापुर में नाजिराखात टोल गेट पर 81.32 करोड़ रुपए, रोहा टोल गेट पर 52.14 करोड़ रुपए, होजाई में मिकिरआती हाटगांव टोल गेट पर 25.88 करोड़ रुपए, नलबाड़ी में गलिया टोल गेट पर 33.14 करोड़ रुपए, कछार में बालाचेरा टोल गेट पर 7.68 करोड़ रुपए और डिमा हसाओ में मंदारदिसा टोल गेट पर 1.99 करोड़ रुपए संग्रह किए गए।

इससे पहले, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक अन्य आरटीआई याचिका के जवाब में कहा था कि फरवरी 2022 तक असम में टोल गेटों से 289.55 करोड़ रुपए एकत्र किए गए थे। इस हिसाब में सरकार ने राज्य में 7 टोल गेटों के माध्यम से असम के लोगों से कम से कम 600 करोड़ रुपए का कर एकत्र किया है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इन टोल गेटों के अलावा कोकराझार के पटगांव टोल गेट और बंगाईगांव के दहलपाड़ा टोल गेट के जरिए भी लोगों से टैक्स वसूल रहे हैं। हालांकि, इन 9 टोल गेटों के अलावा असम में सदिया से धुबड़ी तक 18 अन्य टोल गेट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एनएच प्राधिकरण के रिपोर्ट के अनुसार असम में अब पांच नए टोल गेट बनकर तैयार हो गए हैं। इनमें डेरगांव में रंगामाटी, तेजपुर में कलियाभोमोरा, विश्वनाथ, लखीमपुर में पथाली पहाड़ और बोगीबिल के टोल गेट शामिल हैं। इन टोल गेटों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

सरकार जांजी और डिमौ में टोल गेट बनाने पर भी विचार कर रही है। इसके अलावा, असम में अन्य 9 टोल गेटों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। एनएचएआई ने कहा कि ये टोल गेट भी जल्द ही लागू किए जाएंगे। अधिकारियों ने यह भी कहा कि फोर-लेन एनएच के साथ 4 अन्य टोल गेट भी बनाए जाएंगे। प्रस्तावित 4 टोल गेटों की लोकेशन का काम पूरा हो चुका है। इसका मतलब यह है कि असम के शदिया से धुबड़ी तक यात्रा करने वाले वाहन को कुल 27 टोल गेटों पर टैक्स देना होगा। एनएच प्राधिकरण ने कहा कि पांच नए टोल गेट दुर्गा पूजा के बाद टैक्स वसूलना शुरू कर देंगे। गौरतलब है कि पहली अप्रैल से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने टोल टैक्स में 15 फीसदी की बढ़ोतरी की थी जिसके कारण असम के हर टोल गेट पर टोल शुल्क बढ़ा दिया गया है।