नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 11 राज्यों के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली नौ ‘वंदे भारत’ रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि वह दिन दूर जब ये रेलगाड़ियां देश के हर हिस्से को जोड़ेंगी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि वंदे भारत ट्रेन की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और देश के हर हिस्से में इसकी मांग हो रही है। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए नौ वंदे भारत रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर कहा कि जिन स्टेशनों तक वंदे भारत एक्सप्रेस की सुविधा पहुंच रही है वहां पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंदे भारत रेलगाड़ि¸यों ने पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी ला दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में आज आत्मविश्वास का जो वातावरण बना है वैसा पिछले कई दशकों में नहीं हुआ है। उन्होंने चंद्रयान-3, जी20 के सफल आयोजन और भारत के पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य एल-1’ के प्रक्षेपण का जिक्र करते हुए कहा कि आज हर भारतवासी अपने नए भारत की उपलब्धियों से गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि अगर इरादे मजबूत हों तो कठिन से कठिन लक्ष्यों को भी हासिल किया जा सकता है। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद भारतीय रेलवे को आधुनिक बनने पर उतना ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार भारतीय रेलवे के कायाकल्प पर जोर दे रही है। मोदी ने कहा कि रेलवे के पहले के बजट में उनकी सरकार ने कई गुना वृद्धि की है और रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में तेजी से काम कर रही है तथा यात्रियों के लिए सुगमता पर जोर दे रही है।
अपने संबोधन के बाद प्रधानमंत्री ने 11 राज्यों के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली नौ ‘वंदे भारत’ रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन राज्यों में राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा, झारखंड और गुजरात शामिल हैं। नई वंदे भारत रेलगाड़ियां उदयपुर-जयपुर, तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई, हैदराबाद-बेंगलुरु, विजयवाड़ा-चेन्नई, पटना-हावड़ा, कासरगोड-तिरुवनंतपुरम, राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी, रांची-हावड़ा और जामनगर-अहमदाबाद के बीच चलेंगी। राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस और तिरुनेलवेल्ली-मदुरै-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस से पुरी और मदुरै जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क सुविधा बढ़ेगी। विजयवाड़ा-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेनीगुंटा के रास्ते संचालित होगी और तिरुपति धार्मिक स्थल तक संपर्क उपलब्ध कराएगी।