गुवाहाटी : इस साल हिमाचल प्रदेश में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद जान-माल और बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के नेतृत्व वाली असम सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए गठित राहत एवं पुनर्वास के लिए 10 करोड़ की राशि सौंपी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के निर्देश के बाद असम सरकार के पर्यावरण एवं वन मंत्री चंद्र मोहन पटवारी ने बुधवार को असम सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को शिमला में उनके कार्यालय में 10 करोड़ रुपए का चेक सौंपा।
चेक प्राप्त करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली असम सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और व्यक्तिगत रूप से चेक सौंपने के लिए वन मंत्री पटवारी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हालिया मानसून आपदाओं से प्रभावित लोगों की मदद के लिए उनकी सरकार के निरंतर प्रयासों में आपदा राहत कोष-2023 में असम सरकार की यह योगदान अमूल्य है।