विजयनगर :कामरुप जिले के पलाशबाड़ी व छयगांव विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर स्थित कुलसी कस्बे में प्रतिवर्ष लक्ष्मी पूजा की पूर्व संध्या पर परंपरागत नौकायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। कुलसी नदी में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को देखने के लिये हजारों की तादाद में हर आयु वर्ग के लोग यहां जुटते हैं। इस वर्ष इस प्रतियोगिता की 50वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस उद्देश्य से प्रतियोगिता के आयोजन कुलसी यूथ क्लब बडे़ स्तर पर स्वर्ण जयंती का आयोजन कर रहा है।

स्वर्ण जयंती की तैयारी के तहत आयाोजन स्थल पर आधारशिला कार्यक्रम रखा गया। कुलसी जनजातीय हाई स्कूल मैदान में नौकायन प्रतियोगिता की स्वर्ण जयंती कार्यक्रम की आधारशिला वरिष्ठ नागरिक बादल कुमार राभा ने रखी। उन्होंने बताया कि 50 वर्ष पहले स्थानीय कुछ दूरदर्शी लोगों की पहल पर कुलची नदी पर नौकायन प्रतियोगिता शुरू की गई थी। स्वर्ण जयंती आयाोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार राभा ने बताया कि इस वर्ष नौकायन प्रतियोगिता 27 अक्टूबर को आयोजित होगी।

आधारशिला कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय पुरूष एवं महिलायें उपस्थिति रही। श्री राभा ने बताया कि प्रतियोगिता के पूर्व कुलसी नदी के दोनों किनारों पर 50 झंडे फहराये जायेंगे। उन्होंने इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिये सभी से सहयोग का आह्वान किया।