गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने मंगलवार को जनता भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य में प्रतिभाओं को एक उपयुक्त मंच प्रदान करने के लिए असम सरकार की ओर से आयोजित असम सांस्कृतिक महासंग्राम के लिए लोगो, थीम गीत, स्मृति चिन्ह, जिंगल, प्रमाण पत्र और निर्णायक मंडली की किट का अनावरण किया। गौरतलब है कि सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा आयोजित होने वाला सांस्कृतिक महासंग्राम 25 अक्तूबर, 2023 से प्रारम्भ होकर 7 फरवरी, 2024 तक चलेगा। प्रतियोगिताएं तीन श्रेणियों में आयोजित की जाएंगी। ग्रुप ए में 12 से 18 साल के प्रतिभागी शामिल होंगे, ग्रुप बी में 19 से 24 साल के प्रतिभागी होंगे और ग्रुप सी में 25 से 35 साल के प्रतिभागी होंगे। प्रतिभागी गांव पंचायत, वार्ड, वीसीडीसी तथा एमएसी स्तर पर असम के ज्योति संगीत, विष्णु राभा संगीत, भूपेन्द्र संगीत, रवीन्द्र संगीत, बिहू नृत्य (समूह), लोक नृत्य (समूह) प्रस्तुत करेंगे। इन स्तरों से प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता को विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसी तरह एलएसी स्तर पर विजेता जिला स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।
जिला स्तर के सभी विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर जो ग्रैंड फिनाले के रूप में गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा, प्रतिस्पर्धा करेंगे। विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। एलएसी स्तर से स्मृति चिन्ह एवं नकद पुरस्कार भी दिये जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार राज्य के सभी वर्गों के लोगों के विकास में तेजी लाने के लिए सांस्कृतिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है। इसी सिलसिले में युवाओं की अंतर्निहित प्रतिभा को उजागर करने और उनके समग्र व्यक्तित्व विकास को गति देने के लिए असम सांस्कृतिक महासंग्राम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महासंग्राम युवाओं की अंतर्निहित क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए एक संभावित मंच बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महासंग्राम में राज्य भर से लगभग तीन हजार स्थानों पर लगभग 10 लाख प्रतिभागी भाग लेंगे।
राज्य सरकार ने आयोजन के लिए 36 करोड़ रुपए निर्धारित किए हैं। उन्होंने साथ ही आयोजकों से कार्यक्रम के लिए किसी से कोई चंदा न मांगने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक विधायक अपने स्थानीय क्षेत्र विकास निधि का 10 प्रतिशत भी महासंग्राम के लिए उपयोग कर सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग देने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनुभवी कलाकार जीना राजकुमारी, विपुल बरुवा और सोमनाथ बोरा को जज किट भी सौंपी, जो कार्यक्रम में जज के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक मामलों के मंत्री विमल बोरा, पीएचई मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, हथकरघा और कपड़ा मंत्री यूजी ब्रह्म, राजस्व मंत्री जोगेन मोहन, सांसद और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव पवित्र मार्घेरिटा, मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।