यरुशलम : हमास के घातक हमले के बाद इस आतंकवादी संगठन के सरगना के खात्मे के लिए इजराइल द्वारा जमीनी आक्रमण किए जाने की आशंका के मद्देनजर गाजा पट्टी में 10 लाख से अधिक लोग अपने घरों को छोड़कर चले गए हैं। सहायता समूहों ने चेतावनी दी है कि इजराइल के जमीनी हमले से मानवीय संकट बढ़ सकता है। अमरीकी युद्धपोतों की मदद से इजराइली बल गाजा सीमा पर तैनात हो गए हैं और उन्होंने युद्धाभ्यास किया जिसे इजराइल ने बताया कि यह आतंकवादी समूह को मटियामेट करने के लिए एक बड़ा अभियान होगा। एक सप्ताह से लगातार किए जा रहे हवाई हमलों से गाजा पट्टी में कई इमारतें जमींदोज हो गयी हैं लेकिन इससे इजराइल पर आतंकवादियों के रॉकेट हमले नहीं रुके हैं। सात अक्टूबर को शुरू हुआ यह युद्ध दोनों पक्षों के लिए गाजा के पांच युद्धों में से सबसे भीषण है जिसमें दोनों ओर के 4,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 2,750 फलस्तीनियों की मौत हो गयी है तथा 9,700 घायल हैं। इजराइल के अनुसार, उसके 1,400 से अधिक नागरिकों की मौत हो गयी है तथा बच्चों समेत कम से कम 199 अन्य नागरिकों को हमास ने बंधक बनाया है तथा उन्हें गाजा ले गया है।
अभी गाजा में संयुक्त राष्ट्र के शिविरों में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गयी है और क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल में काम कर रहे चिकित्सकों को अमरीजों का इलाज करने में भारी समस्याएं आ रही हैं क्योंकि उन्हें आशंका है कि जेनरेटरों में ईंधन खत्म होने के बाद इन अमरीजों की मौत हो जाएगी। इजराइली सेना ने कहा है कि हमास और अन्य फलस्तीनी आतंकवादियों ने गाजा में 199 लोगों को बंधक बना रखा है और यह संख्या पिछले अनुमानों से अधिक है। सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हागारी ने सोमवार को बताया कि बंधकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या बंधकों की इस संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि ये बंधक किसकी कैद में हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इनमें से अधिकतर लोगों को गाजा पर शासन करने वाले हमास आतंकवादी समूह ने बंधक बनाया है। वहीं इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान और हिजबुल्ला को चेतावनी देते हुए कहा कि वे उत्तर में 'हमारी परीक्षा' नहीं लें।
नेतन्याहू ने सोमवार को इजराइली संसद 'नेसेट' में दिए भाषण में कहा कि हमास को हराने के लिए दुनिया को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह युद्ध आपका भी युद्ध है। इजराइली प्रधानमंत्री ने हमास की तुलना नाजियों से की। इस बीच, गाजा की पूर्ण घेराबंदी के बाद फलस्तीनियों की भारी भीड़ सोमवार को अस्पतालों और स्कूलों में देखने को मिली। वे आश्रय की तलाश कर रहे हैं और भोजन एवं पानी की कमी का सामना कर रहे हैं। इधर, इजराइल-हमास जंग के बीच लेबनान में एक और मोर्चा खुलने जा रहा है। इजराइल ने कहा है कि लेबनान बॉर्डर पर भी 2 किलोमीटर दूर तक का इलाका खाली कराया जाएगा। कल लेबनान में हुए हिजबुल्लाह के अटैक के बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई की थी। इसके बाद इजराइल की 28 कम्युनिटीज को वहां से हटाकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाएगा।
अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन जल्द इजराइल का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, तारीख अभी तय नहीं है। एक अमरीकी अफसर ने न्यूज एजेंसी एपी से कहा- इजराइल के साथ एकजुटता और मारे गए लोगों के लिए संवेदना जताने का यह तरीका होगा। इजराइल के गाजा पर किए गए हमले में हजार लोग लापता हैं। इनके मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें दक्षिणी गाजा में राफाह क्रॉसिंग पर युद्ध विराम पर सहमति बनने की बात कही गई थी। फिलहाल गाजा खाली करने के लिए राफाह क्रॉसिंग एकलौता रास्ता है। इजराइल-हमास जंग के बीच अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि हमास का खात्मा जरूरी है, लेकिन गाजा पर कब्जा इजराइल की बड़ी गलती होगी। उन्होंने कहा- हमास ने बर्बरता की है। इस संगठन का खात्मा जरूरी है, लेकिन फिलिस्तीन लोगों के लिए भी देश होना चाहिए, अलग सरकार होनी चाहिए। वहीं, अगर इजराइल गाजा पर कब्जा कर लेता है तो ये उसकी बहुत बड़ी गलती होगी।