जयपुर : भाजपा ने 25 नवंबर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 15 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की, जिसमें कुछ नए चेहरे शामिल हैं। पार्टी ने मावली (उदयपुर) से मौजूदा विधायक धर्मनारायण जोशी का टिकट काटकर, उनकी जगह केजी पालीवाल को मैदान में उतारा है। पार्टी ने पहले घोषित दो उम्मीदवारों को भी बदल दिया। इस तरह अब तक घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 197 हो गई है। पार्टी ने अभी तक बाड़मेर, पचपदरा और बाडी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। उधर, बसपा की टिकट पर चुनाव जीतकर कांग्रेस में शामिल हुए गिर्राज सिंह मलिंगा ने अब भाजपा का दामन थाम लिया है। 

पार्टी द्वारा मैदान में उतारे गए नए चेहरों में सिविल लाइंस से गोपाल शर्मा, आदर्श नगर से रवि नैय्यर और कांग्रेस शासन के दौरान बेरोजगार युवाओं के मुद्दों पर प्रदर्शन करने वाले उपेन यादव शामिल हैं। पार्टी ने दो नवंबर को जारी तीसरी सूची में पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी की बहू पूनम कंवर भाटी को कोलायत (बीकानेर) से और बारां-अटरू सीट से सारिका चौधरी को टिकट देने की घोषणा की थी। हालांकि, आज जारी पांचवीं सूची में कोलायत सीट से पूनम कंवर भाटी की जगह उनके बेटे अंशुमान सिंह भाटी को टिकट दिया गया है और बारां-अटरू सीट से सारिका चौधरी की जगह राधेश्याम बैरवा को टिकट दिया गया है।

हनुमानगढ़ से अमित चौधरी, किशनपोल से चंद्रमोहन बटवाड़ा, भरतपुर से विजय बंसल, सरदारशहर से पूर्व विधायक राजकुमार रिणवा, कोटा उत्तर से प्रहलाद गुंजल और शेरगढ़ से बाबू सिंह राठौड़ को मैदान में उतारा गया है। शाहपुरा, राजाखेड़ा, मसूदा और पीपल्दा सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। पत्रकार गोपाल शर्मा को जयपुर की सिविल लाइंस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के खिलाफ मैदान में उतारा गया है। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल को कोटा उत्तर सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट से संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल विधायक हैं। कांग्रेस ने अभी तक इस सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। गुंजल पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी हैं। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह नवंबर है।