शिलांग : मेघालय के उप मुख्यमंत्री प्रेस्टोन टी. ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार और असम प्रशासन ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को पत्र लिखकर पिछले साल दोनों राज्यों की विवादित सीमा से लगे मुकरोह में हुई गोलीबारी की घटना की जांच अपने हाथ में लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि असम और मेघालय की सरकारों ने 30 सितंबर को मुकरोह गोलीबारी की जांच सीबीआई से कराने के लिए अनुरोध करने का फैसला लिया था। यह पूछे जाने पर कि क्या मुकरोह गोलीबारी घटना की जांच सीबीआई को सौंपी दी गई है, प्रेस्टोन टी. ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि हम पहले ही एक पत्र लिख चुके हैं। असम (राज्य सरकार) ने भी ऐसा किया है। उन्होंने कहा कि गेंद अब सीबीआई के पाले में है।
गोलीबारी की यह घटना पिछले साल 22 नवंबर को उस वक्त हुई जब असम वनकर्मियों ने कथित तौर पर अवैध रूप से काटी गई लकड़ियों से लदे एक ट्रक को रोकने के बाद मेघालय के मुकरोह के ग्रामीणों पर गोलीबारी की थी। हिंसा में मारे गए छह लोगों में से पांच मेघालय के निवासी थे और एक असम का वन रक्षक था।मेघालय को 1972 में असम से अलग कर एक अलग राज्य बनाया गया था और मेघालय ने असम पुनर्गठन अधिनियम, 1971 को चुनौती दी थी, जिसके कारण दोनों राज्यों के बीच 884.9 किमी लंबी सीमा के 12 क्षेत्रों में विवाद पैदा हो गया।