उत्तरकाशी : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में 12 दिन से फंसे 41 श्रमिकों को निकालने के लिए रास्ता बनाने के प्रयास में जारी ड्रिलिंग शुक्रवार को एक बार फिर रोकनी पड़ी जिससे श्रमिकों का इंतजार और बढ़ गया। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को अंमरीकी ऑगर मशीन में आई तकनीकी अड़चन के बाद रूकी ड्रिलिंग 24 घंटे बाद शुक्रवार को फिर शुरू की गयी थी। उन्होंने बताया कि दिन में तकनीकी बाधा को दूर करने के बाद 25 टन वजनी भारी ऑगर मशीन से ड्रिलिंग शुरू की गयी लेकिन कुछ देर उसका संचालन रोकना पड़ा। पिछले दो दिनों में अभियान को यह दूसरा झटका लगा है। चारधाम यात्रा मार्ग पर बन रही सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था, जिससे उसमें काम कर रहे श्रमिक मलबे के दूसरी ओर फंस गए थे। तब से विभिन्न एजेंसियों द्वारा उन्हें बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अनुमानित 57 मीटर के मलबे में ड्रिलिंग कर अब तक 46.8 मीटर तक स्टील पाइप डाले जा चुके हैं जबकि 10-12 मीटर ड्रिलिंग शेष है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस बार मलबे में 25 मिमी की सरिया व लोहे के पाइप ड्रिलिंग में बाधा बने हैं। उन्होंने बताया कि ऑगर मशीन को निकालकर गैस कटर से बाधाओं को हटाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मशीन के आगे बार-बार लोहे की चीजें आने से ड्रिलिंग का कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय के पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे ने ‘ग्राउंड पेनीट्रेटिंग रडार’ से मिले आंकड़ों का हवाला देते हुए सुबह संवाददाताओं को बताया था कि ड्रिल किए जा चुके सुरंग के अवरूद्ध हिस्से के आगे पांच मीटर तक धातु की कोई अड़चन नहीं है। उन्होंने कहा कि ऑगर मशीन में कोई तकनीकी समस्या नहीं है लेकिन बचावकर्मियों को उस प्लेटफॉर्म को मजबूत करना पड़ा है जिस पर इसे स्थापित किया गया है। खुल्बे ने शुक्रवार शाम तक बचाव अभियान पूरा होने की भी उम्मीद जाहिर की थी। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के प्रबंध निदेशक महमूद अहमद और उत्तराखंड सरकार के नोडल अधिकारी नीरज खैरवाल ने बताया कि ‘एस्केप पैसेज’ बनाने के लिए 46.8 मीटर तक स्टील पाइप डाले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मलबे के दूसरी ओर फंसे श्रमिकों तक पहुंचने के लिए छह-छह मीटर लंबे दो पाइप और डाले जाएंगे।

अमरीका निर्मित ऑगर मशीन से मलबे को भेदकर 800 मिमी व्यास के स्टील पाइप डाले जा रहे हैं और इसी के जरिए फंसे श्रमिकों को बाहर लाया जाएगा। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के एस नगन्याल ने बताया कि फंसे श्रमिकों के बाहर निकलने के बाद उन्हें एक हरित गलियारे के जरिए अस्पताल तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मेडिकल विशेषज्ञों के मुताबिक, बाहर निकलने के बाद कुछ दिनों तक श्रमिकों का ‘आइसोलेशन’ में उपचार जरूरी है क्योंकि वे बंद जगह पर कई दिन गुजारने के बाद बाहर आएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी के सिंह भी बचाव कार्यों की देखरेख के लिए उत्तरकाशी में ही रूके हुए हैं। बुधवार शाम उत्तरकाशी पहुंचे धामी फिलहाल सिलक्यारा के निकट मातली में रह रहे हैं जहां उन्होंने अपना अस्थाई कैंप कार्यालय स्थापित किया है। जनरल सिंह उत्तरकाशी में स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में ठहरे हुए हैं।